Last Updated:
दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन का कहना है कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांचवें टी20 मैच में हार्दिक पंड्या सुपरहीरो की तरह आए और उनकी टीम से मैच छीनकर ले गए. पंड्या ने आखिरी टी20 मैच में शानदार पारी खेली. उन्होंने महज 16 गेंदों पर अर्धशतक जड़कर भारत को बड़े स्कोर पर पहुंचाया.
नई दिल्ली. हार्दिक पंड्या इनदिनों गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. पंड्या हाल में चोट से उबरे हैं. उन्होंने चोट से उबरकर धमाकेदार वापसी की है. भारत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज जीत दिलाने में पंड्या का अहम रोल रहा. उन्होंने पांचवें टी20 मैच में 63 रन की पारी खेली.पंड्या की शानदार फॉर्म से दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन हैरान हैं. स्टेन ने ने पांचवें टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में पंड्या की शानदार पारी के बाद उन्हें सुपरहीरो करार दिया और कहा कि वह मानसिक रूप से एक अलग स्तर पर काम करते हैं और उनकी चमक अद्वितीय है.
हार्दिक पंड्या (हार्दिक पंडया) ने अहमदबाद में खेले गए आखिरी मैच में धमाकेदार अर्धशतक लगाया जो भारत की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है. जबकि तिलक वर्मा ने शानदार 73 रन बनाकर भारतीय टीम को 30 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. डेल स्टेन ने मैच के बाद कहा, ‘हार्दिक ने शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने एक खिलाड़ी की छवि से आगे निकल कर एक सेलिब्रिटी का दर्जा हासिल कर लिया है. वह किसी एक फिल्म के सुपरहीरो की तरह मैदान में उतरे, जहां कोई भी उनकी रणनीति नहीं बदल सकता.’
‘यह कोई खराब रवैया नहीं है’
उन्होंने कहा, ‘यह कोई खराब रवैया नहीं है. यह तो पूरी तरह से दबदबा बनाए रखने से जुड़ा है. यह एक ऐसा प्रभाव है जिसकी बराबरी कोई नहीं कर सकता. आप इसे उनके हावभाव में देख सकते हैं. वह मानसिक रूप से एक अलग ही स्तर पर हैं. वह एक ऐसे खेल में अजेय हैं जो मानसिक उलझनों से जुड़ा है.ये सभी खिलाड़ी कुशल हैं, लेकिन वह उनसे कहीं ऊपर हैं.’ स्टेन ने भारत के मुख्य गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती के सामने दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों के सतर्क रवैये का समर्थन नहीं किया और कहा कि यह उनकी टीम पर ही भारी पड़ा.
‘यह बुमराह का प्रभाव है’
बकौल स्टेन, ‘यह बुमराह का प्रभाव है. आप उन्हें दबदबा बनाए रखने का मौका नहीं दे सकते लेकिन दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों ने उनके सामने सतर्क रवैया अपनाया. उन्होंने दूसरे गेंदबाजों को निशाने पर रखा लेकिन बुमराह ने जैसे ही क्विंटन डिकॉक को आउट किया उसके बाद चक्रवर्ती ने हावी हो गए.’
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें