रीवा में 165 करोड़ से बनेगा 2.3 किमी लंबा फ्लाईओवर: कमिश्नर बंगले से ढेकहा तक निर्माण; बीहर नदी पर प्रयागराज जैसा केबल ब्रिज भी बनेगा – Rewa News

रीवा में 165 करोड़ से बनेगा 2.3 किमी लंबा फ्लाईओवर:  कमिश्नर बंगले से ढेकहा तक निर्माण; बीहर नदी पर प्रयागराज जैसा केबल ब्रिज भी बनेगा – Rewa News



रीवा शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए एक बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके तहत कमिश्नर बंगले से लेकर ढेकहा तिराहे से आगे करीब 200 मीटर तक फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इस फ्लाईओवर की कुल लंबाई 2300 मीटर

.

इस महत्वाकांक्षी परियोजना की लागत 165 करोड़ रुपए तय की गई है। निर्माण के लिए डीपीआर (DPR) तैयार कर ली गई है, जिसे प्रशासनिक स्वीकृति के लिए शासन को भेज दिया गया है।

फ्लाईओवर का निर्माण केंद्रीय सड़क निधि से किया जाएगा। इसमें 8 करोड़ रुपए राज्य शासन द्वारा वहन किए जाएंगे। यह राशि यूटिलिटी शिफ्टिंग और लाइटिंग व्यवस्था पर खर्च होगी।

प्रस्ताव के मुताबिक, फ्लाईओवर कुल 14.90 मीटर चौड़ा होगा। इसमें से 12 मीटर चौड़ाई वाहनों के आवागमन (कैरिज वे) के लिए रहेगी। यह फ्लाईओवर पूरी तरह कंक्रीट का होगा और दोनों तरफ क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे। साथ ही आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग की भी व्यवस्था रहेगी।

बनने में लगेंगे ढाई साल, जाम से मिलेगी मुक्ति

अधिकारियों ने बताया कि निर्माण प्रक्रिया शुरू होने के बाद इसे पूरा करने में करीब ढाई साल का समय लगेगा। इसके बनने से शहर में फ्लाईओवरों की संख्या तीन हो जाएगी।

वर्तमान में रेलवे बस स्टैंड से लेकर कॉलेज तिराहे तक भारी ट्रैफिक दबाव रहता है, जिससे दिनभर जाम लगा रहता है। नया फ्लाईओवर बनने के बाद शहरवासियों को जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

निजी जमीन नहीं जाएगी, सरकारी जमीन से हटेगा कब्जा

राहत की बात यह है कि फ्लाईओवर निर्माण के दौरान किसी की निजी जमीन प्रभावित नहीं होगी। हालांकि, सरकारी जमीन पर मौजूद अस्थायी अतिक्रमण को हटाया जाएगा। पूर्व में फ्लाईओवर और टीम द्वारा किए गए सर्वे में कई स्थानों पर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण मिला था, जिसे हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

47.5 करोड़ से बनेगा केबल ब्रिज, प्रयागराज जैसी दिखेगी झलक

इस प्रोजेक्ट का सबसे खास आकर्षण एक केबल ब्रिज होगा। प्रयागराज की यमुना नदी की तर्ज पर रीवा में बीहर नदी पर 200 मीटर लंबा केबल ब्रिज बनाया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत करीब 47.5 करोड़ रुपए बताई गई है।

यह केबल ब्रिज 6 मीटर चौड़ा होगा और पूरी तरह कंक्रीट संरचना पर आधारित रहेगा। इसके दोनों ओर ऊंचे-ऊंचे केबल लगाए जाएंगे। शहर के विकास की दृष्टि से यह फ्लाईओवर और केबल ब्रिज परियोजना रीवा के लिए बड़ी सौगात मानी जा रही है, जिससे शहर को आधुनिक पहचान मिलेगी।



Source link