Vijay Hazare Trophy Punjab Squad: पंजाब ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के लिए टीम का ऐलान कर दिया. उसने टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में नहीं चुने गए शुभमन गिल को स्क्वॉड में रखा है. उनके साथ अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह को भी 18 सदस्यीय टीम में रखा गया है. पंजाब अपना पहला मुकाबला 24 दिसंबर को महाराष्ट्र के खिलाफ खेलेगी. तीन-तीन इंटरनेशनल खिलाड़ियों के साथ पंजाब की टीम काफी मजबूत नजर आ रही है.
पंजाब में बड़े-बड़े हिटर
पंजाब के पास पावर हिटर की भरमार है. उसके पास कई ऑलराउंड ऑप्शन भी हैं. विकेटकीपर-बैटर प्रभसिमरन सिंह के साथ नमन धीर, अनमोलप्रीत सिंह, रमनदीप सिंह, सनवीर सिंह और स्पिन-बॉलिंग ऑलराउंडर हरप्रीत बराड़ हैं. इससे टीम को मिडिल ऑर्डर में गहराई मिल रही है. पेस अटैक की अगुवाई गुरनूर बराड़ और कृष भगत करेंगे, जिन्हें गौरव चौधरी और सुखदीप बाजवा का एक्स्ट्रा सपोर्ट मिलेगा.
बीसीसीआई ने दिया गिल को झटका
गिल, अभिषेक और अर्शदीप की उपलब्धता अभी भी पक्की नहीं है. भारत को 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन वनडे खेलने हैं. इसके बाद 21 जनवरी से पांच मैचों की टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है. शुभमन गिल को शनिवार को बड़ा झटका लगा जब उन्हें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम से बाहर कर दिया.
ये भी पढ़ें: विराट कोहली के निशाने पर एक और प्रचंड रिकॉर्ड… सचिन-रोहित भी नहीं कर पाए ऐसा, धोनी से कोसों आगे
चयनकर्ताओं ने किया हैरान
यह फैसला चौंकाने वाला था क्योंकि गिल को हाल ही में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में उप कप्तान बनाया गया था और वह अभिषेक शर्मा के साथ ओपनर भी थे. हालांकि, अजीत अगरकर की अगुवाई वाली सेलेक्शन कमेटी ने टी20 में उनके लंबे समय से खराब फॉर्म को देखते हुए दूसरा ओपनिंग स्लॉट संजू सैमसन को दे दिया. गिल वनडे और टेस्ट में भारत के कप्तान बने हुए हैं. वहीं अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह ने टी20 में अपनी जगह बनाए रखी है.
इन टीमों से होगी पंजाब की भिड़ंत
हैरानी की बात है कि पंजाब ने किसी को कप्तान नहीं बनाया है. पंजाब की टीम पिछले सीजन में क्वार्टर-फाइनल में हारी थी. पंजाब अपने सभी सात लीग-स्टेज मैच जयपुर में खेलेगा.उसे छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, गोवा और मुंबई से भिड़ना है. लीग राउंड 8 जनवरी को खत्म हो जाएगा.
ये भी पढ़ें: WTC Points Table: वेस्टइंडीज को रौंद न्यूजीलैंड ने टॉप-2 में मारी एंट्री, श्रीलंका-पाकिस्तान से भी नीचे भारत
विजय हजारे ट्रॉफी के लिए पंजाब टीम
शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह (विकेट कीपर), हरनूर पन्नू, अनमोलप्रीत सिंह, उदय सहारन, नमन धीर, सलिल अरोड़ा (विकेट कीपर), सनवीर सिंह, रमनदीप सिंह, जशनप्रीत सिंह, गुरनूर बराड़, हरप्रीत बराड़, रघु शर्मा, कृष्ण भगत, गौरव चौधरी, सुखदीप बाजवा.