कोहरे के कारण कई ट्रेनें लेट हुई।
दतिया में सर्दी का कहर लगातार दूसरे दिन भी जारी है। सोमवार को मौसम विभाग ने कोल्ड डे जैसे हालात की चेतावनी जारी की। घने कोहरे और ठंडी हवाओं के कारण आम जनजीवन के साथ-साथ रेल यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ।
.
सोमवार सुबह घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर से भी कम रह गई। न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दिन का अधिकतम तापमान भी महज 17 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है। ठंड के कारण लोग घरों में दुबके नजर आए।
उत्कल और बुंदेलखंड एक्सप्रेस लेट
घने कोहरे का सबसे ज्यादा असर ट्रेनों के संचालन पर पड़ा। गाड़ी संख्या 18477 उत्कल एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से करीब 5 घंटे की देरी से दतिया पहुंची। ट्रेन का निर्धारित समय सुबह 5.17 बजे था, लेकिन यह 10.26 बजे स्टेशन पहुंची। वहीं बुंदेलखंड एक्सप्रेस 2 घंटे 22 मिनट की देरी से सुबह 8.41 बजे दतिया रेलवे स्टेशन पहुंची।
ट्रेनों की देरी के कारण ग्वालियर अप-डाउन करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। स्टेशन पर यात्री घंटों ठंड में इंतजार करते रहे। कई यात्रियों ने ठंड और अव्यवस्था को लेकर नाराजगी भी जाहिर की।
आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है ठंड
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में सर्दी और अधिक जोर पकड़ सकती है। तापमान में और गिरावट के साथ कोहरे की स्थिति बने रहने की संभावना है। इससे जनजीवन और यातायात पर असर और बढ़ सकता है। कड़ाके की ठंड की शुरुआत के साथ यह संकेत साफ हैं कि फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं।