झाबुआ कलेक्टर नेहा मीना के निर्देश पर मकर संक्रांति से पहले थांदला में प्रशासन ने चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान चलाया। राजस्व, पुलिस और नगर परिषद की संयुक्त टीम ने शहर की पतंग दुकानों पर सघन तलाशी ली।
.
यह कार्रवाई मकर संक्रांति पर्व के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने और प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के उपयोग को समाप्त करने के उद्देश्य से की गई। कलेक्टर नेहा मीना ने इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए थे।
दुकानों के गोदामों और स्टॉक की बारीकी से जांच
तहसीलदार शुकदेव डावर, थाना प्रभारी अशोक कनेश और मुख्य नगर पालिका अधिकारी कमलेश जायसवाल के नेतृत्व में टीम ने शहर की 12 से अधिक पतंग और मांझे की दुकानों का निरीक्षण किया। दुकानों के गोदामों और स्टॉक की बारीकी से जांच की गई।
सघन तलाशी के बावजूद किसी भी दुकान पर प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद नहीं हुआ। दुकानदारों ने प्रशासन को सहयोग किया। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि चाइनीज मांझा का भंडारण या विक्रय पूरी तरह प्रतिबंधित है और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

नागरिकों से की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए केवल सूती धागे का ही उपयोग करें। चाइनीज मांझा पक्षियों, दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों के लिए खतरनाक हो सकता है।