पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वकार यूनुस का एक 32 साल पुराना रिकॉर्ड चकनाचूर हो गया है. एक समय पर ऐसा लगा था कि टीम इंडिया के स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह इस प्रचंड रिकॉर्ड को ध्वस्त करेंगे. वो बेहद करीब भी आए थे, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के धुरंधर फास्ट बॉलर मिचेल स्टार्क ने ना सिर्फ वकार यूनुस के घमंड को तोड़ा, बल्कि ऐसा अद्भुत कारनामा किया, जो टेस्ट क्रिकेट के 148 सालों के इतिहास में कभी नहीं हुआ था.
इंग्लैंड के खिलाफ चल रही एशेज सीरीज में मिचेल स्टार्क आग उगल रहे हैं. अब तक हुए तीनों मैचों में बाएं हाथ के पेसर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंग्रेजों का जीना हराम कर दिया है. पांच मैचों की सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है और एशेज पर कब्जा जमाने में स्टार्क का सबसे अहम योगदान रहा है.
स्टार्क ने तोड़ दिया वकार यूनुस का बड़ा रिकॉर्ड
इंग्लैंड के खिलाफ हुए एडिलेड टेस्ट की दूसरी पारी में मिचेल स्टार्क ने 3 विकेट चटकाए थे. इसके साथ ही उन्होंने 2025 में इस फॉर्मेट में 50 विकेट पूरे कर लिए हैं. स्टार्क 2025 में 50 टेस्ट विकेट लेने वाले दुनिया के इकलौते गेंदबाज भी बने हैं. 26 दिसंबर से ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज का चौथा टेस्ट भी खेला जाएगा. इसका मतलब है कि स्टार्क के विकेट में इस साल और इजाफा हो सकता है, उन्होंने 2025 में अभी तक 51 टेस्ट विकेट चटकाए हैं.
मिचेल स्टार्क ने इस साल 50 टेस्ट विकेट 28.7 की स्ट्राइक रेट से लिए हैं. इस मामले में उन्होंने पाकिस्तान के पूर्व स्टार तेज गेंदबाज वकार यूनुस को पीछे छोड़ दिया. वकार ने साल 1993 में 29.5 की स्ट्राइक रेट से 55 विकेट लेकर ये वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया था. आपको ये जानकर हैरानी होगी कि टेस्ट क्रिकेट के 148 सालों के इतिहास में मिचेल स्टार्क और वकार यूनुस ही ऐसे दो गेंदबाज हैं, जिन्होंने एक कैलेंडर ईयर में 30 से कम की स्ट्राइक रेट से 50 विकेट चटकाए हैं.
चूक गए थे जसप्रीत बुमराह
भारत के प्रीमियम गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी वकार यूनुस के इस रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब पहुंचे थे. उन्होंने साल 2024 में 30.1 की स्ट्राइक रेट से 71 विकेट चटकाए थे.
कैलेंडर ईयर में बेस्ट बॉलिंग स्ट्राइक रेट का रिकॉर्ड
2025: मिचेल स्टार्क- 28.7 स्ट्राइक रेट (51 विकेट)
1993: वकार यूनुस- 29.5 स्ट्राइक रेट (55 विकेट)
2024: जसप्रीत बुमराह- 30.1 स्ट्राइक रेट (71 विकेट)
2024: गस एटकिंसन- 35.6 स्ट्राइक रेट (52 विकेट)
2008: डेल स्टेन- 35.8 स्ट्राइक रेट (74 विकेट)