Last Updated:
Gardening Tips: अगर आप अपने घर पर फूलदार पौधे लगाने के शौकीन हैं तो जनवरी माह में कुछ ऐसे फूल लगा सकते हैं जो कड़कड़ाती ठंड में भी तैयार हो जाते हैं. क्योंकि सर्द हवाएं भी इन पौधों के लिए बेहद अनुकूल मानी जाती हैं. थोड़ी सी देखभाल और सही विधि अपनाकर आप घर बैठे ढेर सारे और लंबे समय तक खिलने वाले फूल पा सकते हैं.
छतरपुर सरकारी नर्सरी के गार्डनिंग एक्सपर्ट राजाराम कुशवाहा ने लोकल 18 को बताया कि मधु मालती (रंगून क्रीपर) एक कमाल का परमानेंट फूलदार पौधा होता है. इस पौधे की खासियत होती है कि इसमें सफेद फूल खिलता है और धीरे-धीरे डार्क रेड में बदल जाता है.

हालांकि, यह एक बेल होती है, लेकिन आप इसे गमले या ग्रो बैग में भी लगा सकते हैं. ध्यान रहे कि गमला छोटा नहीं होना चाहिए. गमला 12 से 14 इंच का होना चाहिए. वास्तु शास्त्र में इसे भगवान विष्णु से जोड़ा जाता है. इसलिए इस फूल को शुभ भी माना जाता है. माना जाता है कि इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है.

बोगनवेलिया का पौधा घर पर आसानी से लगाया जा सकता है. यह एक बेलदार पौधा होता है. यह पौधा अपनी रंगबिरंगी पत्तियों और आकर्षक फूलों के कारण जाना जाता है. इसे गमले में भी आसानी से लगाया जा सकता है. इस पौधे में 12 महीने फूल खिलते हैं. गर्मी में अगर तापमान 50 डिग्री भी हो जाता है तो भी यह फूल देना बंद नहीं करता है. यही इस पौधे की खासियत होती है. आप इसे जनवरी माह में लगा सकते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

गुड़हल फूल एक ऐसा फूलदार पौधा होता है, जिसे घर-घर लगाया जाता है. इस पौधे में लाल रंग के फूल आते हैं जो दिखने में बेहद ही आकर्षक होते हैं. हाइब्रिड गुड़हल लाल, बैंगनी, सफेद और नीले कलर में भी फूल देते है. गुड़हल पौधे की खासियत होती है कि इसमें सालभर फूल खिलते हैं. इसे घर के गमले में आसानी से लगा सकते हैं. आप इसे जनवरी माह में लगाते हैं तो यह आपको गर्मी भर फूल देता रहेगा. आप इसकी हाइब्रिड वैरायटी भी लगा सकते हैं. हाइब्रिड वैरायटी कड़ाके की ठंड में भी फूल देता है.

सर्दी के मौसम में लगाया जाने वाला सबसे ज़्यादा लोकप्रिय पौधा गेंदा है, जो आमतौर पर सभी घरों में पाया जाता है. सर्दी के मौसम में गेंदे के पौधे की खूबसूरती बढ़ जाती है. इसके फूल लाल, नारंगी और पीले रंग के होते हैं

देसी गेंदे के फूल छोटे साइज के होते हैं, वहीं अगर आप नर्सरी से हाइब्रिड पौधे लेते हैं, तो इसके फूल का साइज बड़ा होगा. गेंदे के पौधों को लगाने के दो तरीके हैं. आप चाहें तो बीज के जरिए या फिर नर्सरी से पौधा खरीदकर अपने गार्डन में इसे लगा सकते हैं.

अगर आप घर पर सर्दियों में फूल उगाने का सोच रहे हैं तो गुलाब भी बेहतरीन विकल्प हो सकता है. गुलाब के पौधे ठंड में भी बहुत अच्छे से विकसित होते हैं. हालांकि, पौधा लगाने के लिए थोड़ा बड़ा और गहरा गमला चुनें, ताकि गुलाब की जड़ों को पर्याप्त जगह मिल सके. मिट्टी में रेत और खाद का संतुलन बनाए रखना बहुत जरूरी है.

गुलाब को सुबह की धूप सबसे ज्यादा पसंद होती है, इसलिए इसे ऐसी जगह रखें जहां ठंडी धूप आसानी से पहुंचे. गुलाब के पौधों में हल्की छंटाई करने से नई कलियों का विकास तेजी से होता है और फूल भी बड़े और सुंदर खिलते हैं. पानी न ज्यादा दें और न कम केवल इतना दें कि मिट्टी हमेशा हल्की नम बनी रहे.