Most Runs in List A Cricket: टीम इंडिया के दो धुरंधर खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा लंबे समय बाद डोमेस्टिक 50-ओवर क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं. बुधवार, 24 दिसंबर से विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का आगाज होगा, जिसमें ये दोनों बल्लेबाज शुरुआती 2 मैचों में खेलेंगे. RO-KO को घरेलू क्रिकेट में खेलते देखने के लिए फैंस का जोश हाई है. दिलचस्प बात ये है कि फैंस की रुचि अचानक से लिस्ट-ए क्रिकेट के प्रति देखने को मिल रही है. फैंस ये जानना चाहते हैं कि डोमेस्टिक क्रिकेट के 50-ओवर टूर्नामेंट में किस बल्लेबाज और गेंदबाज का जलवा रहा है.
आज नजर डालेंगे एक ऐसे करिश्माई रिकॉर्ड पर, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते होंगे. क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में भारत के पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का दबदबा रहा है. उनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन और सबसे अधिक सेंचुरी जड़ने का महारिकॉर्ड है, जिसे तोड़ पाना वर्तमान के खिलाड़ियों का सपना है. हालांकि, क्रिकेट जगत में एक ऐसा भी सनसनीखेज रिकॉर्ड है, जिससे आगे ‘क्रिकेट के भगवान’ यानी सचिन तेंदुलकर भी नहीं निकल सके.
लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन और फिफ्टी
सबसे पहले तो ये जानना जरूरी है कि लिस्ट ए क्रिकेट का मतलब ये है कि आपने देश के लिए और डोमेस्टिक क्रिकेट में कितने 50-ओवर के मुकाबले खेले हैं. लिस्ट ए में वनडे इंटरनेशनल और घरेलू एकदिवसीय क्रिकेट की गिनती होती है. आपको ये जानकर हैरानी होगी कि लिस्ट ए करियर में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट में सचिन तेंदुलकर तीसरे नंबर पर हैं. इस सूची में इंग्लैंड के महान खिलाड़ी ग्राहम गूच शिखर पर मौजूद हैं.
इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज ग्राहम गूच के नाम List A करियर में सबसे ज्यादा रन और सबसे अधिक फिफ्टी जड़ने का करिश्माई रिकॉर्ड है. 1973-1997 के दौरान गूच ने 613 लिस्ट ए मैच खेले और 40.16 की औसत से 22,211 रन बनाए. वो लिस्ट ए में संयुक्त रूप से सबसे अधिक फिफ्टी जड़ने वाले खिलाड़ी भी हैं. ग्राहम गूच और इंग्लैंड के ही ग्रीम हिक ने लिस्ट ए क्रिकेट में 139 फिफ्टी ठोके हैं.
तीसरे नंबर पर सचिन तेंदुलकर
List A करियर में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर तीसरे नंबर पर हैं. मास्टर ब्लास्टर ने 1989-2012 के दौरान 551 मैचों में 21,999 लिस्ट ए रन बनाए हैं. इस लिस्ट में इंग्लैंड के पूर्व महान बल्लेबाज ग्रीम हिक दूसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने 651 लिस्ट ए मुकाबलों में 22,059 रन बनाए हैं. हालांकि, सबसे अधिक सेंचुरी जड़ने के मामले में सचिन टॉप पर हैं. तेंदुलकर ने लिस्ट ए में 60 शतक ठोके हैं, वहीं ग्राहम गूच ने 44 और ग्रीम हिक ने लिस्ट ए में 40 सेंचुरी जड़ी है.
ये भी पढ़ें: INDW vs SLW: शेफाली वर्मा के तूफान में बर्बाद हुआ श्रीलंका, दूसरे T20I में भारत ने बुरी तरह धो डाला