जमीन विवाद में भाई की हत्या: सीहोर पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को पकड़ा, कुल्हाड़ी जब्त – Sehore News

जमीन विवाद में भाई की हत्या:  सीहोर पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को पकड़ा, कुल्हाड़ी जब्त – Sehore News



सीहोर पुलिस ने रेहटी थाना क्षेत्र में हुई हत्या की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है।

.

यह घटना 22 दिसंबर की रात करीब 9 बजे हुई थी। रामराज कीर निवासी ग्राम मट्टागांव ने 23 दिसंबर को रेहटी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके भाई धनराज कीर (50) की हत्या कर दी गई है।

रामराज कीर के अनुसार, जमीन विवाद और पुरानी रंजिश के चलते गांव के मनीष कीर ने अपने एक साथी के साथ मिलकर धनराज पर कुल्हाड़ी से हमला किया था, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

थाना प्रभारी रेहटी निरीक्षक राजेश कहारे के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी मनीष कीर को ग्राम मट्टागांव से गिरफ्तार किया।

आरोपी की निशानदेही पर हत्या में उपयोग की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष कीर पिता गंभीरसिंह कीर (25) निवासी ग्राम मट्टागांव, थाना रेहटी, जिला सीहोर के रूप में हुई है। इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।



Source link