Who is Sakibul Gani: इस 60 मिनट की सुपरहिट फिल्म में सिर्फ एक्शन और रोमांच था… जी हां, विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 सीजन की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में हुई है. वैसे तो फैंस की नजर टीम इंडिया के दो सुपरस्टार विराट कोहली और रोहित शर्मा पर थी, दोनों ने शानदार शतक भी जड़ा, लेकिन असली धमाका बिहार बनाम अरुणाचल प्रदेश मैच में हुआ. पहले 14 साल ये युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने 34 गेंदों पर शतक ठोककर माहौल बनाया तो कुछ मिनट बाद ही उनके कप्तान सकीबुल गनी ने धागाखोल बैटिंग कर 32 गेंद पर सेंचुरी जड़ डाली और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
वैभव सूर्यवंशी और सकीबुल गनी के ताबड़तोड़ शतक के बीच झारखंड की तरफ से खेलते हुए ईशान किशन ने भी 33 गेंदों पर शतक जड़कर तहलका मचा दिया. दिलचस्प बात ये है कि तीनों खिलाड़ी बिहार के हैं. वैभव और सकीबुल गनी तो बिहार से खेलते ही हैं, वहीं ईशान किशन भले ही घरेलू क्रिकेट में झारखंड के लिए खेलते हैं, लेकिन उनका जन्म बिहार में हुआ है.
कौन हैं बिहार के सकीबुल गनी?
ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी के आक्रामक अंदाज से तो दुनिया वाकिफ है, लेकिन आज असली महफिल सकीबुल गनी ने लूटी. विजय हजारे ट्रॉफी में बिहार की कप्तानी कर रहे 26 वर्षीय ऑलराउंडर ने महज 32 गेंदों पर शतक जड़कर क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी. होश उड़ाने वाली बात ये है कि सकीबुल गनी ने ये अद्भुत कारनामा नंबर-5 पर बैटिंग करते हुए किया.
60 मिनट का तूफान
सकीबुल गनी जब बल्लेबाजी करने उतरे तो बिहार की स्थिति मजबूत थी. 39.3 ओवरों में स्कोरबोर्ड पर 391 रन बन चुके थे और सिर्फ 3 खिलाड़ी आउट हुए थे. गनी ने पहली गेंद से ही 5वीं गियर में बल्ला चलाया और अरुणाचल प्रदेश के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी. उन्होंने 32 पर शतक जड़कर इतिहास रच दिया. ईशान किशन का 32 गेंद और वैभव सूर्यवंशी का 33 गेंद में शतक का रिकॉर्ड महज कुछ मिनटों में ही टूट गया. सकीबुल गनी अब लिस्ट ए में सबसे तेज सेंचुरी जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं.
— Johns. (@CricCrazyJohns) December 24, 2025
बिहार के मोतिहारी में हुआ जन्म
बिहार के कप्तान ने 320.00 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 10 चौके और 12 छक्के उड़ाए और 40 गेंदों पर 128 रनों की नाबाद और धुआंधार पारी खेली. दाएं हाथ के बल्लेबाज ने अब तक 34 लिस्ट ए और 28 फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले हैं. लिस्ट ए में उन्होंने 995 रन और फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 2035 रन बनाए हैं. हैरानी कि बात ये है कि लिस्ट ए में सबसे तेज शतक जड़ने वाले सकीबुल गनी आईपीएल 2026 में नहीं दिखेंगे, क्योंकि उन्हें किसी टीम ने नहीं खरीदा है.
ये भी पढ़ें: संयोग हो तो ऐसा… रोहित ने जड़ा शतक तो ठीक उसी समय कोहली ने भी उठाया बल्ला, जानें कैसे हुआ ये अद्भुत कनेक्शन