मंडला जिले के पुलिस कंट्रोल रूम में बुधवार को पुलिसकर्मियों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला पुलिस, होमगार्ड और एसएएफ के अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए।
.
कार्यक्रम में रजत सकलेचा भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को आहार, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य और नशामुक्ति के प्रति जागरूक करना रहा।
व्यस्त ड्यूटी के बीच स्वास्थ्य पर फोकस
आयोजकों ने बताया कि पुलिसकर्मियों की ड्यूटी अक्सर लंबी और तनावपूर्ण होती है। लगातार काम और जिम्मेदारियों के कारण वे अपने स्वास्थ्य और परिवार के लिए पर्याप्त समय नहीं निकाल पाते। इससे मानसिक तनाव बढ़ता है और नशे की आदत लगने का खतरा भी रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह शिविर आयोजित किया गया।
विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन
शिविर में डॉ. अंकिता साहू और ब्लॉक मेडिकल हेल्थ काउंसलर सत्यजीत सिंह पटेल ने पुलिसकर्मियों को स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी जानकारियां दीं। उन्होंने संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, तनाव को कम करने के उपाय, मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने पर विस्तार से बात की। विशेषज्ञों ने बताया कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव से बेहतर स्वास्थ्य पाया जा सकता है।

बेहतर पुलिसिंग के लिए स्वस्थ मन और शरीर जरूरी
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच से ही बेहतर पुलिसिंग संभव है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ उनके पारिवारिक जीवन में भी संतुलन बनाए रखने में मदद करते हैं। भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।