The Ashes: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच जारी एशेज सीरीज का चौथा टेस्ट ऐतिहासिक मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा. 26 दिसंबर से शुरू होने वाले इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई विकेट कीपर एलेक्स कैरी की नजर बड़े रिकॉर्ड को ध्वस्त करने पर होगी. एडिलेड में खेले गए तीसरे टेस्ट में कैरी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 106 रन और दूसरी इनिंग में 72 रन बनाए थे. ऑस्ट्रेलिया को 3-0 से एशेज में बढ़त दिलाने में उनका अहम योगदान रहा था.
अब एलेक्स कैरी बॉक्सिंग डे टेस्ट पर भी जबरदस्त पंच लगाकर क्रिकेट रिकॉर्ड बुक को हिलाना चाहेंगे. दरअसल, उनके पास पूर्व महान विकेट कीपर एडम गिलक्रिस्ट के 24 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ने का सुनहरा मौका है. अगर कैरी इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट में 128 रन बना लेते हैं तो वो इतिहास रच देंगे.
कैरी तोड़ेंगे गिलक्रिस्ट का 24 साल पुराना रिकॉर्ड?
एडम गिलक्रिस्ट के नाम बतौर ऑस्ट्रेलियाई विकेट कीपर एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने का रिकॉर्ड है. पूर्व दिग्गज खिलाड़ी ने 2001 में 14 मैचों की 19 पारियों में 51.17 की औसत और 81.92 की स्ट्राइक रेट से 870 रन बनाए थे. वहीं, 2025 में एलेक्स कैरी ने अभी तक 10 टेस्ट की 15 पारियों में 53.07 की शानदार औसत से 743 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं. इस साल कैरी का सर्वाधिक टेस्ट स्कोर 156 रन का रहा है. इस साल उनके पास एक और टेस्ट खेलने का मौका है. देखना दिलचस्प होगा कि वो एडम गिलक्रिस्ट के इस 24 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ पाते हैं या नहीं.
एशेज 2025-26 में शानदार फॉर्म में हैं कैरी
इंग्लैंड के खिलाफ चल रही एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के स्टार विकेट कीपर एलेक्स कैरी शानदार फॉर्म में हैं. वो फिलहाल शृंखला में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. बाएं हाथ के बैटर ने 66.75 की औसत से 267 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और दो फिफ्टी शामिल है.
ये भी पढ़ें: विजय हजारे ट्रॉफी में ऑटो ड्राइवर के बेटे ने किया करिश्मा, 21 खिलाड़ियों को पछाड़ बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड