भिंड में सीएम के स्वागत मे लगे विरोधी नारे: बिजली कंपनी की उप महाप्रबंधक को हटाने की मांग, किसानों ने लगाए फर्जी बिल के आरोप – Bhind News

भिंड में सीएम के स्वागत मे लगे विरोधी नारे:  बिजली कंपनी की उप महाप्रबंधक को हटाने की मांग, किसानों ने लगाए फर्जी बिल के आरोप – Bhind News


मक्षेविविकं के लहार डिवीजन की उप महाप्रबंधक के खिलाफ क्षेत्रीय लोगों ने सीएम डॉ. मोहन यादव को दिया ज्ञापन।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भिंड जिले के रावतपुरा सरकार धाम आगमन के दौरान बुधवार शाम उस समय स्थिति असहज हो गई, जब लहार विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और किसानों ने बिजली कंपनी की उप महाप्रबंधक को हटाने की मांग को लेकर नारेबाजी

.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार शाम लहार विधानसभा क्षेत्र के रावतपुरा सरकार धाम दर्शन के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और लहार विधायक अम्बरीश शर्मा भी मौजूद रहे। जैसे ही मुख्यमंत्री हेलीपैड से आगे बढ़े, स्वागत के लिए बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और किसान नेता एकत्रित हो गए।

स्वागत के दौरान ही किसानों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिजली कंपनी की उप महाप्रबंधक लक्ष्मी सोनवानी को हटाने की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। यह नारेबाजी करीब आधे घंटे तक चलती रही। कुछ कार्यकर्ताओं और किसानों ने मुख्यमंत्री को कथित फर्जी बिजली बिलों की प्रतियां भी सौंपीं।

किसानों का आरोप है कि खेतों को दिए गए नए बिजली कनेक्शनों को दो-तीन महीने बाद ही पुराने या अवैध बताकर भारी-भरकम बिल थमाए जा रहे हैं। इस विरोध प्रदर्शन में नरोल, धर्मपुरा, खिल्ली, देवरी, फरदुआ, अरूसी, लहार, मिहोना, मछंड और रौन क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

नारेबाजी करते हुए क्षेत्रीय किसान व बीजेपी कार्यकर्ता।

विरोधी नारों से सहमे अफसर

बिजली कंपनी के खिलाफ खुली नारेबाजी को देखकर जिले के अधिकारी भी सहमे नजर आए। इस दौरान कई किसानों ने ज्ञापन भी सौंपे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुस्कुराते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और बिना कोई प्रतिक्रिया दिए आगे बढ़ गए, लेकिन इस दृश्य से अधिकारियों के चेहरे उतर गए।

बताया जाता है कि बिजली कंपनी की उप महाप्रबंधक को लेकर क्षेत्र में लंबे समय से नाराजगी है। हर सप्ताह चार से पांच शिकायतें स्थानीय विधायक अम्बरीश शर्मा तक पहुंच रही हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बिजली कंपनी के अधिकारी टारगेट पूरा करने के लिए फर्जी कार्रवाई कर रहे हैं और जबरन बिल थोपे जा रहे हैं। यह शिकायतें भोपाल स्थित एमडी कार्यालय तक भी पहुंच चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश बना हुआ है।



Source link