Last Updated:
ishan kishan rested by bcci : BCCI की टीम ने ईशान किशन को आराम के लिए घर भेज दिया है. झारखंड के कार्यवाहक कप्तान कुशाग्र ने एक अच्छी खबर भी सुनाई कि ईशान 2 जनवरी को टीम के साथ वापस जुड़ जाएंगे.
नई दिल्ली. विजय हजारे ट्रॉफी में जब ईशान किशन के बल्ले से कर्नाटक के खिलाफ 125 रनों की विस्फोटक शतकीय पारी निकली, तो लगा कि यह टूर्नामेंट उनके नाम रहने वाला है. झारखंड टीम की कप्तानी, शानदार फॉर्म और आत्मविश्वास से भरी बल्लेबाज़ी सब कुछ ईशान के पक्ष में दिख रहा था. लेकिन क्रिकेट में अक्सर वही होता है, जिसकी सबसे कम उम्मीद होती है.
राजस्थान के खिलाफ अहम मुकाबले से ठीक पहले झारखंड के कप्तान ईशान किशन का प्लेइंग इलेवन से बाहर होना हर किसी को चौंका गया. सवाल उठने लगे क्या ईशान चोटिल हैं या फॉर्म में होने के बावजूद उन्हें ड्रॉप कर दिया गया या फिर पर्दे के पीछे कुछ और ही चल रहा है. हैरानी की बात यह है कि ईशान किशन न सिर्फ मैच से बाहर हैं, बल्कि टीम छोड़कर घर भी लौट गए हैं और इस पूरे घटनाक्रम के पीछे जो नाम सबसे ज़्यादा चर्चा में है, वह है—BCCI। आखिर क्या है वह वजह, जिसने शानदार लय में चल रहे कप्तान को मैदान से दूर कर दिया.
ईशान किशन को बीसीसीआई ने भेजा घर!
राजस्थान के खिलाफ मैच से पहले वॉर्म अप सेशन में जब ईशान किशन मैदान पर नजर नही आए तो कानाफूसी शुरु हो गई और अंत में झारखंड टीम की कप्तानी कर रहे कुमार कुशाग्र ने ईशान किशन के ना खेलने पर चुप्पी तोड़ी. जब टॉस के लिए कुमार कुशाग्र मैदान में आए, तो उन्होंने बताया कि BCCI की टीम ने ईशान किशन को आराम के लिए घर भेज दिया है. कुशाग्र ने एक अच्छी खबर भी सुनाई कि ईशान 2 जनवरी को टीम के साथ वापस जुड़ जाएंगे. इसका मतलब ईशान किशन झारखंड के लिए अगले 2 मैचों में पुड्डुचेरी और तमिलनाडु के खिलाफ नहीं खेलेंगे.कुमार कुशाग्र ने कहा,BCCI की टीम ने ईशान किशन को आराम दिया है, जिसके कारण वो घर चले गए हैं. वो 2 जनवरी को टीम के साथ वापस जुड़ेंगे.
किशन का चल रहा रहा करिश्माई फॉर्म
कहते है ना दिन बदलते देर नहीं लगती,कुछ समय पूर्व डोमेस्टिक क्रिकेट ना खेलने की वजह से BCCI ने ईशान किशन को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की सूची से बाहर कर दिया था. उसके बाद सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में ईशान किशन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. उन्होंने उस टी20 टूर्नामेंट की 10 पारियों में 517 रन बना डाले थे, जिनमें 2 शतक और दो अर्धशतक शामिल रहे. ईशान की कप्तानी में झारखंड सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का चैंपियन भी बना.उस दमदार प्रदर्शन के बलबूते ईशान किशन को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय स्क्वाड में जगह मिली है. उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में भी अपनी बढ़िया फॉर्म को बरकरार रखा है, क्योंकि पहले ही मैच में उन्होंने 125 रन बनाए थे.बीसीसीआई अब खिलाड़ियों को लेकर फूंक फूंक कर कदम उठाना चाहता है और इसीलिए वो उन खिलाड़ियों को सहेज कर रखना चाहता है जो वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा है.