Big Bash League: बिग बैश लीग (बीबीएल) 2025-26 में शुक्रवार (26 दिसंबर) को होबार्ट हरिकेंस और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया. इस मैच में हरिकेंस ने स्कॉर्चर्स को 4 विकेट से हरा दिया. उसकी जीत के हीरो विस्फोटक बल्लेबाज टिम डेविड रहे. उन्होंने 28 गेंदों पर 42 रन की पारी खेलकर मैच को हरिकेंस के पक्ष में मोड़ दिया. इस सीजन 4 में से 3 मुकाबले जीतकर टीम अब प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर है. शुरुआती तीनों मैच जीतकर मेलबर्न स्टार्स शीर्ष पर मौजूद है. स्कॉर्चर्स की टीम 3 मैचों में दूसरी हार के बाद चौथे नंबर पर है.
मिचेल मार्श और फिन एलेन की तूफानी बैटिंग
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी पर्थ स्कॉर्चर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 150 रन बनाए.मिचेल मार्श ने फिन एलेन के साथ 3.2 ओवरों में 25 रन की साझेदारी की. मार्श 13 गेंदों में 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद फिन एलेन ने मोर्चा संभाला. उन्होंने 23 गेंदों में 3 छक्कों और इतने ही चौके के साथ 43 रन की पारी खेली. उनके अलावा लॉरी इवांस ने 27 रन, जबकि निक होबसन ने 29 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. विपक्षी टीम की तरफ से रिशद हुसैन ने सर्वाधिक 3 विकेट निकाले, जबकि रिले मेरेडिथ ने 2 विकेट हासिल किए.
ये भी पढ़ें: 1 दिन में गिरे 20 विकेट… इंग्लैंड के दिग्गजों का फूटा गुस्सा, MCG पर निकाली भड़ास
निखिल और डेविड ने हरिकेंस को संभाला
इसके जवाब में होबार्ट हरिकेंस ने 19.3 ओवरों में जीत दर्ज कर ली. इस टीम ने दूसरी गेंद पर ही मिचेल ओवन का विकेट गंवा दिया था, जो मैच की पहली गेंद पर छक्का लगाकर अगली गेंद पर पवेलियन लौट गए. इसके बाद टिम वार्ड (4) और बेन मैकडरमॉट (9) भी चलते बने. आलम ये रहा कि टीम ने 39 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए. यहां से निखिल चौधरी ने टिम डेविड के साथ चौथे विकेट के लिए 37 गेंदों में 63 रन जुटाते हुए स्कोर को 100 के पार पहुंचाया.
ये भी पढ़ें: 2022 टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में क्यों हारी थी टीम इंडिया? ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज के खुलासे से मची सनसनी
रिटायर्ड हर्ट हुए डेविड
निखिल ने 30 गेंदों में 2 छक्कों के साथ 34 रन की पारी खेली, जबकि टिम डेविड 28 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 42 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए. यहां से मैकलिस्टर राइट ने 13 गेंदों में 22 रन की नाबाद पारी खेलते हुए हरिकेंस को 3 गेंदें शेष रहते जीत दिलाई. विपक्षी खेमे से कूपर कोनोली ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि जोएल पेरिस ने 2 खिलाड़ियों को पवेलियन लौटाया. इनके अलावा महली बियर्डमैन को 1 विकेट हाथ लगा.