Australia vs England 4th Test: 26 दिसंबर यानी आज से ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज का चौथा मुकाबला शुरू हो गया है. मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे इस बॉक्सिंग डे टेस्ट में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग चुनी है. कप्तान बेन स्टोक्स का यह फैसला गेंदबाजों ने काफी हद तक सही साबित कर दिया है, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया के 4 टॉप बल्लेबाज 51 रनों के स्कोर पर पवेलियन लौट चुके हैं. इस मुकाबले में बतौर कप्तान प्लेइंग 11 में वापसी करने वाले स्टीव स्मिथ ने पहली पारी में निराश किया. वह सिर्फ 9 रन बनाकर चलते बने. उन्हें इंग्लिश बॉलर जोश टंग ने एक घातक इनस्विंगर पर फंसाया और चारों खाने चित करके इंग्लैंड को बड़ी सफलता दिलाई.
(@cricketcomau) December 26, 2025
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया ने 31 रनों के स्कोर पर दो विकेट खो दिए थे. इसके बाद कप्तान स्मिथ चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए. उन्होंने 30 गेंदों का सामना करते हुए 2 चौकों की मदद से 9 रन बना लिए थे. इंग्लैंड के तेज गेंदबाज लगातार दबाव बना रहे थे और पारी के 20वें ओवर में जो हुआ, उसने ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका दे दिया. यह ओवर इंग्लैंड की ओर से जोश टंग डाल रहे थे, जो इससे पहले ही जेक वेदराल्ड और मार्नस लाबुशेन को आउट कर चुके थे. उन्होंने 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर स्टीव स्मिथ का शिकार भी कर लिया.
ऐसे हुआ स्टीव स्मिथ का काम तमाम
जोश टंग की जिस घातक गेंद पर स्टीव स्मिथ आउट हुए, वह एक इनस्विंगर थी, जो गुड लेंथ पर गिरी और अचानक दिशा बदलते हुए सीधे स्टंप्स में जा घुसी. स्मिथ ने गेंदबाज के सिर के ऊपर से बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन वह पोज मारते रह गए और गेंद ने पिच पर गिरते ही दिशा बदलकर लेग स्टंप की बेल्स उड़ा दीं. आउट होने के बाद स्मिथ भी हैरान नजर आए कि आखिर वह गेंद को कैसे मिस कर गए. इस तरह जोश टंग ने उन्हें चकमा दिया और चारों खाने चित कर दिया.
मैच का हाल
खबर लिखे जाने तक ऑस्ट्रेलिया टीम ने लंच तक 5 विकेट खोकर 72 रन बना लिए हैं. ट्रैविस हेड 12 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जेक वेदराल्ड ने सिर्फ 10 रन बनाए. मार्नस लाबुशेन 6 और स्टीव स्मिथ 9 रन ही बना सके. वहीं इंग्लैंड के लिए जोश टंग 3 जबकि गस एटकिंसन 1 विकेट चटका चुके हैं. फिलहाल उस्मान ख्वाजा 23 जबकि एलेक्स कैरी 9 रन बनाकर नाबाद हैं. अब देखना होगा कि शुरुआती झटकों के बाद ऑस्ट्रेलिया संभल पाता है या फिर इंग्लैंड उसे पूरी तरह बिखेर देती है.
ऑस्ट्रेलिया (Playing XI)
ट्रैविस हेड, जेक वेदराल्ड, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ (कप्तान), उस्मान ख्वाजा, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, माइकल नेसर, मिचेल स्टार्क, झाई रिचर्डसन, स्कॉट बोलैंड
इंग्लैंड (Playing XI)
जैक क्रॉली, बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), विल जैक्स, गस एटकिंसन, ब्रायडन कार्स, जोश टंग
ये भी पढ़ें: टेस्ट, वनडे और T20I…2025 में हर फॉर्मेट के टॉप सिक्स हिटर, 122 छक्कों के साथ अभिषेक से आगे निकला अनजान बल्लेबाज