क्रिकेट के मैदान पर एक बार एक दिग्गज तेज गेंदबाज ने ऐसी तबाही मचाई कि विरोधी टीम के बल्लेबाज घुटने टेकते हुए नजर आए. हम बात कर रहे हैं वेस्टइंडीज के महान तेज गेंदबाज कर्टनी वॉल्श की, जिन्होंने एक वनडे इंटरनेशनल मैच के दौरान एक असंभव जैसे कारनामे को भी अंजाम दे दिया. कर्टनी वॉल्श ने 3 दिसंबर 1986 को श्रीलंका के खिलाफ शारजाह में खेले गए चैंपियंस ट्रॉफी (1986-87) के एक मैच में अपनी कातिलाना गेंदबाजी से तूफान मचाकर रख दिया.
एक ODI पारी में 1 रन देकर झटके 5 विकेट
कर्टनी वॉल्श ने श्रीलंका के खिलाफ इस वनडे इंटरनेशनल मैच में 4.3 ओवर में महज 1 रन देकर 5 विकेट झटके. कर्टनी वॉल्श ने उस दौरान श्रीलंका के तत्कालीन कप्तान दिलीप मेंडिस (2), अशांत डी मेल (0), रवि रत्नायके (0), रुमेश रत्नायके (0) और ग्रीम लैब्रॉय (1) को पवेलियन का रास्ता दिखाया. कर्टनी वॉल्श का इकोनॉमी रेट इस दौरान 0.22 का रहा है. कर्टनी वॉल्श ने 4.3 ओवर फेंके, जिसमें उन्होंने 3 मेडन ओवर डाले. कर्टनी वॉल्श का बॉलिंग फिगर 4.3-3-1-5 रहा.
55 रन पर श्रीलंका को कर दिया ढेर
श्रीलंका की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और वेस्टइंडीज की टीम को पहले बल्लेबाजी सौंपी. वेस्टइंडीज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 45 ओवर में 5 विकेट पर 248 रन बनाए और श्रीलंका के सामने जीत के लिए 249 रनों का टारगेट रखा. जवाब में श्रीलंका की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 28.3 ओवर में 55 रन पर ऑलआउट हो गई. श्रीलंका की टीम को 55 रन के स्कोर पर ढेर करने में कर्टनी वॉल्श का बहुत बड़ा रोल था. वेस्टइंडीज ने यह मैच 193 रन से जीत लिया था.
कर्टनी वॉल्श के रिकॉर्ड्स
वेस्टइंडीज के महान तेज गेंदबाज कर्टनी वॉल्श ने इंटरनेशनल क्रिकेट में 746 विकेट झटके हैं. कर्टनी वॉल्श ने 132 टेस्ट मैचों में 519 विकेट लेने के अलावा 936 रन भी बनाए हैं. कर्टनी वॉल्श ने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 205 मैच खेलते हुए 227 विकेट चटकाए हैं. वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में कर्टनी वॉल्श के बल्ले से 321 रन भी निकले हैं.