ऑनलाइन ठगी के शिकार दुकानदार को राहत: बुरहानपुर सायबर सेल ने 24 हजार रुपए वापस दिलवाए, संदिग्ध लिंक से हुआ था फ्रॉड – Burhanpur (MP) News

ऑनलाइन ठगी के शिकार दुकानदार को राहत:  बुरहानपुर सायबर सेल ने 24 हजार रुपए वापस दिलवाए, संदिग्ध लिंक से हुआ था फ्रॉड – Burhanpur (MP) News



बुरहानपुर में ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार हुए एक रेडिमेड दुकान संचालक को सायबर सेल की मदद से शनिवार को 24,013 रुपए वापस मिल गए। पीड़ित अहमद उल्ला के बैंक खाते से संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने के बाद 27,802 रुपए निकाल लिए गए थे।

.

खानका वार्ड निवासी अहमद उल्ला ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी कपड़ों की दुकान है और उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से संदिग्ध लिंक आया था। इस लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से यूपीआई ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 27,802 रुपए स्थानांतरित हो गए। उन्हें तुरंत धोखाधड़ी का एहसास हुआ।

पीड़ित की शिकायत पर, पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशानुसार सायबर हेल्प डेस्क कोतवाली से आरक्षक महेंद्र प्रताप ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने नेशनल सायबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज की।

सायबर सेल प्रभारी प्रीतम सिंह ठाकुर के नेतृत्व में आरक्षक दुर्गेश पटेल, सत्यपाल बोपचे, ललित चौहान, शक्तिसिंह तोमर और सायबर हेल्प डेस्क के आरक्षक महेंद्र प्रताप की टीम ने विभिन्न बैंकों से लगातार समन्वय स्थापित किया। टीम के त्वरित और प्रभावी प्रयासों के परिणामस्वरूप, धोखाधड़ी की गई राशि में से 24,013 रुपए को होल्ड करा लिया गया।

सभी विधिक और तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद, यह राशि सुरक्षित रूप से पीड़ित अहमद उल्ला के बैंक खाते में वापस जमा करा दी गई है। सायबर क्राइम के शिकार लोगों को त्वरित शिकायत करने पर पुलिस लगातार उनका पैसा वापस दिलवा रही है।



Source link