कटनी में शनिवार दोपहर यातायात व्यवस्था सुधार रहे नगर निगम और पुलिसकर्मियों को एक रसूखदार की दबंगई का सामना करना पड़ा। नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर व्हील लॉक लगाने के बाद वाहन मालिक ने कर्मचारियों से गाली-गलौज की और उन्हें नौकरी से निकलवाने की धम
.
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम शहर में अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान चला रही थी। इसी दौरान वाहन क्रमांक MP21 ZA 0452 नो-पार्किंग जोन में खड़ा मिला। नियमों का पालन करते हुए टीम ने वाहन के पहिए में व्हील लॉक लगा दिया।
व्हील लॉक करने पर निगमकर्मी को दी गालियां।
वाहन मालिक श्याम सुंदर पाण्डेय को सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्होंने हाथ में डंडा लेकर निगमकर्मियों से गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया।
आरोपी ने नगर निगम अध्यक्ष आलोक तिवारी, मनीष पाठक और शशांक श्रीवास्तव जैसे अधिकारियों के नाम का हवाला देकर कर्मचारियों पर दबाव बनाने का प्रयास किया। उसने निगम आयुक्त के लिए भी अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया।
नौकरी से निकलवाने की धमकी
व्हील लॉक खुलने के बाद भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने एक कर्मचारी को खुलेआम धमकी देते हुए कहा कि वह एक हफ्ते के भीतर निगम आयुक्त तपस्या परिहार और मनीष पाठक से कहकर उसकी नौकरी निकलवा देगा। घटना के बाद नगर निगम के कर्मचारियों ने कोतवाली थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की है।

आरोपी की कार।
पुलिस ने की एफआईआर
कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे ने बताया कि शिकायत के आधार पर श्याम सुंदर पाण्डेय के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज करने और धमकी देने की कई धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है। वीडियो को साक्ष्य के रूप में शामिल कर जांच शुरू कर दी गई है।