झाबुआ जिले के पेटलावद थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार मिस्त्री की मौत हो गई। रायपुरिया मार्ग पर पूजा गार्डन के समीप अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी थी।
.
मृतक की पहचान मातापाड़ा निवासी रत्तू बाबू भूरिया (पेशा- मिस्त्री) के रूप में हुई है। वह शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे अपने घर से ससुराल नाहरपूरा जा रहा था। पेटलावद के रायपुरिया मार्ग पर पूजा गार्डन के पास पहुंचते ही यह दुर्घटना हुई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस के पायलट राकेश भूरिया और ईएमटी मौके पर पहुंचे। हालांकि, रत्तू भूरिया की चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था। टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।