बुरी तरह भड़के माइकल वॉन, मेलबर्न की पिच को बताया मजाक, बयान से मचा दी सनसनी

बुरी तरह भड़के माइकल वॉन, मेलबर्न की पिच को बताया मजाक, बयान से मचा दी सनसनी


इंग्लैंड ने मेलबर्न में खेले गए एशेज सीरीज के चौथे टेस्ट मैच में मेजबान ऑस्ट्रेलियाई टीम को 4 विकेट से मात दे दी है. इंग्लैंड को मेलबर्न में जीत के लिए 175 रन का लक्ष्य मिला था. जीत के लिए मिले 175 रन के लक्ष्य को हासिल करने उतरी इंग्लैंड को जैक क्राउली और बेन डकेट ने 51 रन की मजबूत शुरुआत दी. बेन डकेट 26 गेंद पर 34 रन बनाकर आउट हुए. जैक क्राउली ने 37 रन बनाए. दोनों ओपनरों के अलावा जैकब बेथेल ने 40 रन की पारी खेलकर सीरीज में टीम की पहली जीत को संभव बनाया. हैरी ब्रूक 18 और जेमी स्मिथ 3 रन बनाकर नाबाद रहे. इंग्लैंड ने 6 विकेट के नुकसान पर 178 रन बनाकर मैच जीता.

बुरी तरह भड़के माइकल वॉन

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच मेलबर्न में खेला गया यह टेस्ट मैच महज दो दिन के अंदर खत्म हो गया. इस दौरान दो दिन के अंदर 36 विकेट गिरे और 572 रन बने. इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने मेलबर्न टेस्ट की पिच की आलोचना की है. माइकल वॉन ने मेलबर्न की पिच पर तंज कसा है. माइकल वॉन ने एक्स पर लिखा, ‘यह पिच एक मजाक है. यह गेम को कम आंकना है. खिलाड़ी, ब्रॉडकास्टर और सबसे जरूरी, फैंस. 98 ओवर में 26 विकेट गिर चुके हैं.’

Add Zee News as a Preferred Source


गेंदबाजों के लिए स्वर्ग साबित हुई मेलबर्न की पिच

मेलबर्न टेस्ट में पिच गेंदबाजों के लिए स्वर्ग साबित हुई. टेस्ट के पहले ही दिन 20 विकेट गिरे. वहीं, दूसरे दिन दूसरे सेशन की शुरुआत तक ऑस्ट्रेलिया अपनी दूसरी पारी में ऑलआउट हो चुकी थी. टेस्ट क्रिकेट के लिए ये बेहद चिंताजनक है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग ने भी इसे लेकर चिंता जताई है. टॉड ग्रीनबर्ग ने कहा था कि एक दिन में 20 विकेट गिरना टेस्ट फॉर्मेट की समाप्ति का कारण बन सकता है.

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ ने भी जताई चिंता

टॉड ग्रीनबर्ग ने सेन क्रिकेट से बात करते हुए कहा, ‘आप कह सकते हैं कि कल रात मुझे ठीक से नींद नहीं आई. जब भी किसी टेस्ट मैच में इतने विकेट गिरते हैं, तो यह खेल को छोटे फॉर्मेट की ओर ले जाता है, जो क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया नहीं देखना चाहता, क्योंकि यह खेल और व्यापार दोनों के लिए नुकसानदायक है. हम चाहते हैं कि टेस्ट क्रिकेट साफ तौर पर लंबा चले. मैं बल्ले और गेंद के बीच थोड़ा संतुलन देखना चाहूंगा. मुझे लगा कि पहले दिन गेंद का प्रभाव ज्यादा था. यह हमारे सामने एक चुनौती के समान है.’



Source link