विराट और रोहित जीतेंगे 2027 वर्ल्ड कप, हिटमैन के कोच ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी, बोले- 100 प्रतिशत भरोसा

विराट और रोहित जीतेंगे 2027 वर्ल्ड कप, हिटमैन के कोच ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी, बोले- 100 प्रतिशत भरोसा


भारत के दो दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा 2027 वर्ल्ड कप खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. ये दोनों ही बल्लेबाज मौजूदा समय में बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं. हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी में रोहित शर्मा ने एक शतक ठोका है. वहीं, विराट कोहली ने एक शतक व एक अर्धशतक जड़ा है. रोहित शर्मा ने सिक्किम के खिलाफ 94 गेंदों में 155 रन बनाए थे. वहीं, विराट कोहली ने आंध्र के खिलाफ 131 रन और गुजरात के खिलाफ 77 रन बनाए थे.

‘विराट और रोहित जीतेंगे 2027 वर्ल्ड कप’

रोहित शर्मा के बचपन के कोच दिनेश लाड का मानना है कि ये दोनों खिलाड़ी न सिर्फ 2027 वर्ल्ड कप में खेलेंगे, बल्कि इसे जीतेंगे भी. दिनेश लाड ने कहा, ‘रोहित शर्मा और विराट कोहली, जिस तरह से प्रदर्शन कर रहे हैं, उसे देखकर 100 प्रतिशत भरोसा है कि दोनों खिलाड़ी 2027 वर्ल्ड कप में खेलेंगे और उनके हाथों में ट्रॉफी होगी. मैं इसकी 100 प्रतिशत गारंटी देता हूं.’

Add Zee News as a Preferred Source


रोहित और विराट टीम इंडिया के लिए जरूरी

रोहित शर्मा और विराट कोहली टेस्ट और टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं. दोनों खिलाड़ी अब सिर्फ वनडे फॉर्मेट में ही खेलते नजर आते हैं. रोहित शर्मा ने अक्टूबर में ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर पहले वनडे मैच में 8 रन बनाने के बाद अगले दो मुकाबलों में 73 और 121* रन की पारी खेली थी. इसके बाद रोहित ने साउथ अफ्रीका के विरुद्ध नवंबर-दिसबंर में खेली गई घरेलू वनडे सीरीज में 57, 14 और 75 रन बनाए. उनकी इन पारियों की बदौलत भारत ने तीन मुकाबलों की सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया.

दोनों ही दिग्गजों में रनों की भूख

38 वर्षीय रोहित शर्मा की यह शानदार फॉर्म विजय हजारे ट्रॉफी में भी नजर आई है, जहां उन्होंने 24 दिसंबर को मुंबई की ओर से खेलते हुए सिक्किम के खिलाफ 94 गेंदों में 9 छक्कों और 18 चौकों के साथ 155 रन बनाकर मुंबई को 8 विकेट से शानदार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. दूसरी ओर, 37 वर्षीय विराट कोहली के प्रदर्शन को देखें, तो वह ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर पहले दो वनडे में खाता नहीं खोल सके थे, लेकिन अंतिम मुकाबले में उन्होंने 74 रन की नाबाद पारी खेली और रोहित शर्मा के साथ 168 रन की अटूट साझेदारी करते हुए भारत को 9 विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई.

जबरदस्त फॉर्म में विराट कोहली

इसके बाद विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे मैच में 135 रन बनाने के बाद अगले मुकाबले में भी शतक (102 रन) लगाया. अंतिम मुकाबले में उन्होंने नाबाद 65 रन की पारी खेलते हुए भारत को निर्णायक मुकाबले में जीत दिलाई. घरेलू क्रिकेट में कोहली फॉर्म में नजर आए हैं. विराट कोहली ने 24 दिसंबर को विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली की ओर से आंध्र के विरुद्ध 131 रन की पारी खेली. इसके बाद 26 दिसंबर को गुजरात के खिलाफ 61 गेंदों में 77 रन बनाए.



Source link