Last Updated:
AUS vs ENG 4th Test registered Unique feat: ऑस्ट्रलियाई सरजमीं पर टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि जब कोई मैच बिना किसी स्पिनर के एक भी ओवर फेंके खत्म हो गया. मेलबर्न में सिर्फ दो दिन में खत्म हुए बॉक्सिंग डे टेस्ट में कुल 9 गेंदबाजों ने हाथ घुमाए, लेकिन इनमें कोई भी स्पिनर शामिल नहीं था. मुकाबले में गिरे सभी 36 विकेट तेज गेंदबाजों के ही नाम रहे.
नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज 2025-26 का चौथा टेस्ट सिर्फ दो दिन में ही खत्म हो गया. इंग्लैंड ने इस मुकाबले को चार विकेट से अपने नाम किया. दो दिनों में कुल 142 ओवर का खेल हुआ, जो दोनों टीमों के 9 गेंदबाजों ने मिलकर फेंके. इंग्लैंड के लिए गस एटकिंसन, ब्रायडन कार्स, जोश टोंग, बेन स्टोक्स ने गेंदबाजी की और ऑस्ट्रेलिया के लिए कैमरन ग्रीन, माइकल नेसर, मिचेल स्टार्क, झाई रिचर्डसन, स्कॉट बोलैंड ने गेंदबाजी की. इस मुकाबले में एक ऐसा अनूठा रिकॉर्ड बना, जो इससे पहले टेस्ट इतिहास में ऑस्ट्रेलियाई धरती पर कभी देखने को नहीं मिला था.
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ जब कोई मैच बिना किसी स्पिनर के एक भी ओवर फेंके पूरा हो गया. इन मैच में जिन 9 गेंदबाजों ने बॉलिंग की. वह सभी पेसर थे. मेलबर्न की खतरनाक पिच पर पेसर्स ने हल्ला बोला. दोनों ही टीमों के लिए बल्लेबाजी करना मुश्किल साबित हुआ. इस बात का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि दोनों टीमों का कोई एक बल्लेबाज भी अर्धशतक नहीं बना पाया. 7 विकेट लेकर जोश टंग प्लेयर ऑफ द मैच बने. उन्होंने पहली पारी में पंजा खोलते हुए 5 विकेट चटकाए थे.
ऑस्ट्रेलिया में बना अनूठा रिकॉर्ड
चौथा सबसे छोटा एशेज टेस्ट
यह गेंदों के लिहाज से एशेज इतिहास का चौथा सबसे टेस्ट मैच साबित हुआ. इस मैच का नतीजा आने में सिर्फ 852 गेंदें लगीं. एशेज इतिहास में सबसे छोटा टेस्ट मैच 1888 में खेला गया था. इंग्लैंड के ओल्ड ट्रैफर्ड में 788 गेंदों में मैच खत्म हो गया था. इसी साल लॉर्ड्स में 792 गेंदों में टेस्ट मैच खत्म हुआ, जो एशेज का दूसरा सबसे छोटा टेस्ट मैच है. मौजूदा एशेज में पर्थ में हुआ टेस्ट 847 गेंदों में खत्म हुआ. यह मैच इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर है.
इंग्लैंड की ऐतिहासिक जीत
इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर 15 साल बाद अपनी पहली टेस्ट जीत हासिल की. मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर 92,045 लोगों से खचाखच भरे स्टेडियम में दूसरे दिन जोश से भरी मेहमान टीम ने लंच के तुरंत बाद ऑस्ट्रेलिया को 132 रन पर ऑल आउट कर दिया. इसके बाद 175 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत दर्ज कर ली. हालांकि, यह जीत इंग्लैंड के किसी काम की नहीं, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया शुरुआती तीन मैच जीतकर पहले ही एशेज रिटेन कर चुका है.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें