7 consecutive sixes in an over world record: क्रिकेट की दुनिया में कई ऐसे रिकॉर्ड बने हैं, जिन पर पहली नजर में यकीन करना मुश्किल होता है. इन्हीं अद्भुत रिकॉर्ड में एक कीर्तिमान भी शामिल है, जिसने क्रिकेट के नियमों और फैंस की सोच दोनों को चौंका दिया था. आमतौर पर एक ओवर में 6 गेंदें होती हैं और हर गेंद पर एक ही छक्का लगाया जा सकता है, यानी अधिकतम 6 छक्के, लेकिन सोचिए, अगर कोई बल्लेबाज एक ही ओवर में लगातार 7 छक्के जड़ दे तो. यह सुनने में भले ही नामुमकिन लगे, लेकिन भारत के एक खूंखार बल्लेबाज ने इसे हकीकत में बदला है. यह रिकॉर्ड इंटरनेशनल क्रिकेट में नहीं, बल्कि घरेलू क्रिकेट के एक मुकाबले में बना था और आज भी इसे क्रिकेट के सबसे अविश्वसनीय कारनामों में गिना जाता है.
आखिर किसने किया था ये कमाल?
एक ओवर में 7 छक्कों का यह वर्ल्ड रिकॉर्ड टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ के नाम दर्ज है, जिन्होंने 28 नवंबर 2022 को विजय हजारे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इसे अंजाम दिया था. यह रिकॉर्ड महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के बीच हुए मुकाबले में बना था, जिसमें महाराष्ट्र के लिए ओपनर ऋतुराज ने ऐसा तूफान मचाया कि हर कोई दंग रह गया. उन्होंने यूपी टीम के बाएं हाथ के स्पिनर शिवा सिंह के एक ओवर में 7 छक्के ठोक दिए थे. उस ओवर में शिवा ने एक नो बॉल फेंकी थी. ओवर कुल 7 बॉल का था और ऋतुराज ने लगातार 7 छक्के जड़ दिए थे. पूरे ओवर में कुल 43 रन आए थे, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड भी है.
7 sixes in a single over by Ruturaj Gaikwad in Vijay Hazare Quarter-Final. pic.twitter.com/iS9ZqTddiP
— Johns. (@CricCrazyJohns) November 28, 2022
ऋतुराज ने उड़ाए थे 16 छक्के और 10 चौके
वो मैच इसलिए भी खास था, क्योंकि ऋतुराज गायकवाड़ का बल्ला पूरे समय आग उगलता रहा था. उन्होंने 159 गेंदों पर नाबाद 220 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी, जिसमें 10 चौके और 16 गगनचुंबी छक्के शामिल थे. यह पारी विजय हजारे ट्रॉफी के इतिहास की सबसे यादगार पारियों में से एक थी. ये वही दिन था जब ऋतुराज ने ये साबित किया था कि वो सिर्फ घरेलू क्रिकेट के ही नहीं, बल्कि बड़े मंच के भी खिलाड़ी हैं. जिसके बाद उन्हें टीम इंडिया में मौका मिला था. वो टी20 और वनडे में डेब्यू कर चुके हैं, लेकिन टेस्ट अभी खेलना बाकी है.
आईपीएल में CSK को करेंगे लीड
दाएं हाथ के स्टार बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ खुद को आईपीएल में पहले ही साबित कर चुके हैं और चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी भी संभाल चुके हैं. अब नजरें नए साल 2026 पर टिकी हैं, जहां उनसे एक बार फिर बड़े प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है. 5 बार की चैंपियन टीम चेन्नई उन्हीं की कप्तानी में 19वां सीजन खेलने उतरेगी.
अगले साल 2026 में दिखेगा जलवा
ऋतुराज का अगले साल यानी जनवरी 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में जलवा दिखेगा. उन्हें मौका मिलना तय माना जा रहा है, क्योंकि इस खिलाड़ी ने पिछले दिनों साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में न सिर्फ वापसी की थी बल्कि शतक भी ठोका था. अगर हम उनके इंटरनेशनल क्रिकेट करियर पर नजर डालें तो ऋतुराज भारत के लिए 9 वनडे और 23 टी20 खेल चुके हैं. वनडे में 28.5 की औसत से कुल 228 रन बनाए हैं, जबकि टी20 में 39.54 की औसत से 633 रन कूट चुके हैं. आईपीएल के 71 मैचों में 40.235 की औसत से 2502 रन बनाए हैं.
ये भी पढ़ें: 11 छक्के 5 चौके…IPL 2026 से पहले गरजा MI के घातक खिलाड़ी का बल्ला, रोहित शर्मा के संग बिखेरेगा जलवा