विजय नगर स्थित कालका माता मंदिर के पुजारी के खिलाफ पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में आखिरकार शनिवार रात पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली। यह कार्रवाई मृतका के मायके पक्ष के बयान दर्ज होने के बाद की गई है।
.
विजयनगर पुलिस ने 21 वर्षीय तमन्ना यादव की मौत के मामले में उसके पति राहुल यादव, निवासी रसोमा लैबोरेटरी के पास, कालका माता मंदिर के पुजारी, के खिलाफ प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में केस दर्ज किया है। तमन्ना की मौत 15 नवंबर 2025 को हुई थी।
जांच में सामने आया कि तमन्ना को उसके पति राहुल लसूडिया क्षेत्र स्थित विवेक मेमोरियल अस्पताल लेकर पहुंचा था, जहां उसने तबीयत बिगड़ने की जानकारी दी थी। हालांकि, मौत के बाद जब पोस्टमॉर्टम कराया गया तो शरीर में जहर की पुष्टि हुई।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि तमन्ना और राहुल की शादी 2 दिसंबर 2024 को पारिवारिक सहमति से हुई थी, लेकिन शादी के बाद दोनों के बीच लगातार विवाद होता रहता था। आरोप है कि राहुल आए दिन किसी न किसी बात को लेकर तमन्ना को प्रताड़ित करता था, जिससे परेशान होकर उसने जहर खा लिया। यह भी सामने आया है कि राहुल ने तमन्ना द्वारा जहर खाने की जानकारी पुलिस से छिपाई थी।
शुरुआत में मामला लसूडिया पुलिस के पास पहुंचा था, लेकिन बाद में घटनास्थल विजयनगर क्षेत्र का होने पर केस विजयनगर पुलिस को स्थानांतरित किया गया। राहुल विजयनगर चौराहे पर स्थित काली माता मंदिर में पुजारी का कार्य करता है और उसका परिवार भी इसी मंदिर से जुड़ा हुआ है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।