पाकिस्तान में उबैदुल्लाह राजपूत नाम के एक इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी पर बैन लगा दिया गया है. उबैदुल्लाह राजपूत को पाकिस्तान कबड्डी फेडरेशन (PKF) ने शनिवार को एक इमरजेंसी मीटिंग के बाद अनिश्चित काल के लिए बैन कर दिया है. बता दें कि इस महीने की शुरुआत में यह पाकिस्तानी इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी बहरीन में एक प्राइवेट टूर्नामेंट में भारतीय टीम के लिए खेला था. इसके बाद से ही पाकिस्तान की नेशनल फेडरेशन तिलमिलाई हुई थी.
उबैदुल्लाह राजपूत पर लगा बैन
पाकिस्तान की नेशनल फेडरेशन ने शनिवार को उबैदुल्लाह राजपूत पर अनिश्चित काल के लिए बैन कर दिया है. पाकिस्तान कबड्डी फेडरेशन (PKF) ने पाया कि उबैदुल्लाह राजपूत फेडरेशन या दूसरे संबंधित अधिकारियों से जरूरी नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) लिए बिना ही इस इवेंट के लिए विदेश गए थे. पाकिस्तान कबड्डी फेडरेशन (PKF) के सेक्रेटरी राणा सरवर ने कहा कि उबैदुल्लाह राजपूत के पास डिसिप्लिनरी कमेटी के सामने फैसले के खिलाफ अपील करने का अधिकार है.
इस PAK खिलाड़ी ने पहनी भारत की जर्सी
PKF के सेक्रेटरी राणा सरवर ने कहा कि फेडरेशन इस मामले को गंभीरता से देख रहा है, उन्होंने बताया कि राजपूत न सिर्फ बिना मंजूरी के विदेश गए, बल्कि उन्होंने एक इंडियन टीम को रिप्रेजेंट भी किया, उसकी जर्सी पहनी और मैच जीतने के बाद अपने कंधों पर इंडियन झंडा लपेटे हुए भी दिखे. राणा सरवर ने कहा, ‘लेकिन उसने (उबैदुल्लाह राजपूत) दावा किया है कि यह पूरी तरह से गलतफहमी थी और उसे कभी नहीं बताया गया था कि वह जिस टीम के लिए प्राइवेट टूर्नामेंट में खेलेगा, वह एक इंडियन टीम होगी, लेकिन वह फिर भी NOC नियमों का उल्लंघन करने का दोषी है.’
इंडियन झंडा लहराते हुए दिख रहे थे
GCC कप के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उबैदुल्लाह राजपूत विवादों में घिर गए, जिनमें वह इंडियन जर्सी पहने और इंडियन झंडा लहराते हुए दिख रहे थे. PKF के सेक्रेटरी राणा सरवर ने आगे कहा कि दूसरे खिलाड़ियों को भी जरूरी NOC लिए बिना टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए बैन किया गया और जुर्माना लगाया गया. इससे पहले उबैदुल्लाह राजपूत ने माफी मांगते हुए कहा था कि उन्हें बहरीन टूर्नामेंट में खेलने के लिए बुलाया गया था और उन्हें एक प्राइवेट टीम में शामिल किया गया था. बाद में पता चला कि टीम का नाम इंडियन टीम रखा गया था.