SA20: दुनियाभर के क्रिकेट फैंस अपनी जेब ढीली कर मैच का मजा लेने स्टेडियम जाते हैं, लेकिन सोचिए कि अगर किसी मुकाबले में महज एक सेकेंड में उसकी किस्मत बदल जाए तो क्या होगा? जी हां, साउथ अफ्रीका में चल रहे SA20 लीग 2025-26 में ऐसा ही दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब फैन ने एक सनसनीखेज कैच पकड़ा और मिनटों में वो मालामाल बन गया. दर्शक को ये लौटरी SA20 लीग के चौथे संस्करण के ओपनिंग मैच में लगी.
शुक्रवार, 26 दिसंबर को SA20 2025-2026 का आगाज हुआ. डिफेंडिंग चैंपियन एमआई केपटाउन और डरबन सुपर जायंट्स के बीच हुए ओपनिंग मैच में रनों की बरसात हुई. इसी रनों की सुनामी में एक दर्शक की किस्मत चमकी और वो रातों रात करोड़पति बन गया. उसने एमआई केपटाउन के स्टार बल्लेबाज रायन रिकेल्टन का अद्भुत कैच पकड़कर सनसनी मचा दी.
फैन ने पकड़ा 1.08 करोड़ का कैच
शुक्रवार को हुए इस मैच में डरबन सुपर जायंट्स ने एमआई केपटाउन को 15 रनों से हरा दिया. जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 232 रन बनाए थे. इसके जवाब में MI के बल्लेबाजों ने लड़ाई तो लड़ी और 217 रन बनाए, लेकिन लक्ष्य से 15 रन दूर रह गए. स्टार ओपनर रायन रिकेल्टन ने 63 गेंदों पर 113 रनों की शानदार पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 11 छक्के जड़े. रिकेल्टन के एक सिक्स ने स्टेडियम में बैठे युवा दर्शक की किस्मत बदल दी. 13वें ओवर की चौथी गेंद पर रिकेल्टन ने बुलेट की रफ्तार से एक शॉट लगाया. गेंद गोली की तरह दर्शक दीर्घा में गई, जहां एक फैन ने एक हाथ से कैच लपक लिया.
— Betway SA20 (@SA20_League) December 26, 2025
जैसे ही फैन ने ये कैच पकड़ा, स्टेडियम में खुशी की लहर दौड़ उठी. दरअसल, ये सिर्फ कैच नहीं था… उसके लिए रिकेल्टन की तरफ से भेजा गया वो तोहफा था, जिसे वो ताउम्र याद रखेगा. SA20 में दर्शकों को टूर्नामेंट से जोड़ने के लिए मैनेजमेंट ने मजेदार नियम बनाया है, जिसके तहत अगर कोई दर्शक एक हाथ से कैच पकड़ता है तो उसे 20 लाख रैंड यानी लगभग 1.08 करोड़ रुपये मिलेंगे. इसी नियम को ध्यान में रखते हुए प्रशंसक ने रिकेल्टन के छक्के को एक हाथ से लपक लिया और 1.08 करोड़ रुपये जीत लिए.
ये भी पढ़ें: साल 2025 में सिक्स के ‘शहंशाह’ बने रोहित शर्मा, सिर्फ छक्के से बना दिए 6 धांसू रिकॉर्ड