बड़वानी जिले के अंजड नगर में आयोजित अखिल भारतीय टी-20 लेदर बॉल क्रिकेट स्पर्धा “अंजड प्रीमियर लीग” का भव्य समापन हो गया। फाइनल मुकाबले में इंदौर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ौदा को 64 रनों से हराकर सांसद ट्रॉफी अपने नाम की।
.
परिंदा क्रिकेट क्लब ने किया आयोजन
परिंदा क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित यह लीग स्वामी अमूर्तानंद शासकीय महाविद्यालय प्रांगण में खेली गई। क्लब अध्यक्ष दीपक व्यास ने बताया कि फाइनल मुकाबले को देखने के लिए करीब 15 हजार दर्शक मैदान में मौजूद रहे, जिससे आयोजन की भव्यता स्पष्ट हुई।
समापन समारोह में गणमान्य अतिथि
समापन समारोह में पूर्व राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी रणछोड़ पाटीदार मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्य प्रदेश महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी आशना पाटीदार ने की।विशेष अतिथियों में बड़वानी पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर, समाजसेवी विठ्ठल मामा पाटीदार और ओम सोनी शामिल रहे।
विजेता और उपविजेता को मिले नकद पुरस्कार
विजेता इंदौर टीम को साकेत इंटरनेशनल स्कूल की ओर से सुनील मामा पाटीदार द्वारा 1 लाख रुपए का प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। उपविजेता टीम बड़ौदा को अहमदाबाद के विनोद मालवीय द्वारा अपने पिता स्व. सीताराम मालवीय की स्मृति में 51 हजार रुपए का पुरस्कार दिया गया। सभी खिलाड़ियों को खरगोन-बड़वानी लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल द्वारा ट्रॉफी प्रदान की गई।
आशना पाटीदार और एसपी डावर का संदेश
आशना पाटीदार ने परिंदा क्रिकेट क्लब की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह आयोजन युवाओं को उच्च स्तर की क्रिकेट तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर ने कहा कि खेल अनुशासन सिखाता है और युवाओं को जीवन में सफलता की दिशा देता है।
अंजड में निमाड़ का सबसे बड़ा आयोजन
अतिथि ओम सोनी ने कहा कि अंजड नगर में होने वाला यह आयोजन निमाड़ क्षेत्र का सबसे बड़ा क्रिकेट आयोजन है। उन्होंने खिलाड़ियों को हार-जीत से ऊपर उठकर निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
सेमीफाइनल का रोमांचक मुकाबला
मीडिया प्रभारी सुनील भावसार ने बताया कि दूसरा सेमीफाइनल बड़ौदा और धुलिया के बीच खेला गया। धुलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। बड़ौदा ने 20 ओवर में 183 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए धुलिया संघर्ष के बावजूद 10 रन से हार गई। इस मैच में संजय विश्वकर्मा (बड़ौदा) को ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
फाइनल में इंदौर का दबदबा
फाइनल मुकाबले में इंदौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। टीम ने पावर प्ले में शानदार शुरुआत करते हुए एक विकेट पर 90 रन बनाए और 20 ओवर में 201 रन का विशाल लक्ष्य दिया। जवाब में बड़ौदा की टीम इंदौर की सटीक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 16 ओवर में 137 रन पर ऑल आउट हो गई। इंदौर ने 64 रन से फाइनल जीतकर सांसद ट्रॉफी अपने नाम की।फाइनल के मैन ऑफ द मैच पीयूष तिवारी रहे।
इन खिलाड़ियों को मिले विशेष पुरस्कार
- सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज: संजय विश्वकर्मा (बड़ौदा)
- सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज: विधान तिवारी (बड़ौदा)
- बेस्ट विकेटकीपर: कृष्णा दौर (इंदौर)
- मैन ऑफ द सीरीज: गौरव दशोरे (इंदौर)
- अनुशासित टीम: गोवा टीम
अंपायर और सहयोगियों का सम्मान
चारों अंपायर दामोदर मुकाती, राकेश पाटीदार, राजेश कांजी और प्रफुल्ल व्यास को सम्मानित किया गया। बेस्ट कमेंट्री के लिए हाफिज साहब और बेस्ट स्कोरिंग के लिए मोहित पाटीदार को ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र दिए गए। स्पर्धा को सफल बनाने में सुरेंद्र गोहलोत, अरुण परमार, लक्की राजपूत, वीरेंद्र आवल्या, रमण फोंगला, देवेंद्र मालवीय सहित सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।