इटारसी पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने नए साल के जश्न के दौरान सड़कों पर हुड़दंग और सड़क हादसों को रोकने के लिए संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया है। सोमवार रात रेलवे स्टेशन रोड समेत शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में यह अभियान चलाया गया।
.
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन रोड की दोनों दिशाओं में बैरिकेड लगाए गए। स्कूटी, बाइक, कार और ऑटो रिक्शा सहित सभी वाहनों की जांच की गई। चालकों के वाहन दस्तावेजों की पड़ताल के साथ-साथ ब्रेथ एनालाइजर का उपयोग कर शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की भी जांच की गई।
बाइक सवारों को रोककर की जांच
टीआई गौरव सिंह बुंदेला ने बताया कि यह संयुक्त चेकिंग अभियान सोमवार रात करीब 8 बजे शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और सड़कों पर हुड़दंग मचाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। आज शाम 15 से 20 बाइक सवारों को रोका गया और उनकी जांच की गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नए साल के जश्न के दौरान कानून व्यवस्था और सड़क सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसे चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य यह तय करना है कि लोग सुरक्षित माहौल में नया साल मना सकें।