घिनौना तंत्र-मंत्र! उमरिया के टीचर ने हड्डियों की माला पहन धमकाया, वीडियो वायरल, केस दर्ज

घिनौना तंत्र-मंत्र! उमरिया के टीचर ने हड्डियों की माला पहन धमकाया, वीडियो वायरल, केस दर्ज


उमरिया. जिले में एक सरकारी टीचर की हरकत ने शिक्षा व्यवस्था, प्रशासन और समाज तीनों को कटघरे में खड़ा कर दिया है. मानपुर जनपद क्षेत्र से सामने आए इस मामले में टीचर ने ऐसा रूप धारण किया, जिसे देखकर हर कोई सन्न रह गया. मृत गौवंश की हड्डियों से बनी माला पहनकर वनकर्मियों को धमकाने का वीडियो सामने आने के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया. यह कोई साधारण विवाद नहीं, बल्कि अंधविश्वास, डर और दबाव बनाने की एक सुनियोजित कोशिश बताई जा रही है. वीडियो वायरल होते ही वन विभाग ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मानपुर थाने में मामला पंजीबद्ध किया गया.

इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. एक ओर सरकारी स्कूल में पदस्थ टीचर की जिम्मेदारी बच्चों के भविष्य से जुड़ी होती है, वहीं दूसरी ओर उसी टीचर पर तांत्रिक गतिविधियों और धमकी देने जैसे आरोप लग रहे हैं. मामला केवल वीडियो तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे वन अपराध, अंधविश्वास और कानून को डर के जरिए प्रभावित करने की कोशिश का एंगल भी जुड़ा है. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यह पूरी घटना हाल ही में पकड़े गए बाघ के दांत और नाखून से जुड़े मामले से जुड़ी हो सकती है, जिसमें टीचर का नाबालिग बेटा पकड़ा गया था.

गौवंश की हड्डियों का माला पहनकर पहुंचा वन विभाग कैंप
जानकारी के अनुसार, मानपुर जनपद के मैनवाह गांव निवासी टीचर युवराज सिंह बगदरी ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर एक मृत गौवंश के कंकाल को गठरी में बांधा. इसके बाद उसे वन विभाग के कैंप परिसर में फेंक दिया गया. इससे पहले और बाद में टीचर को गौवंश की हड्डियों की माला पहनकर वनकर्मियों से बहस और धमकी देते देखा गया. इस पूरी घटना का वीडियो वन विभाग के कर्मचारियों ने मोबाइल पर रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में अधिकारियों तक पहुंचा और फिर वायरल हो गया.

वीडियो वायरल से वन विभाग में हड़कंप मचा  
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया और विभागीय स्तर पर फैला, वन विभाग में हड़कंप मच गया. कर्मचारियों ने बताया कि टीचर पहले भी इस तरह की हरकतें कर चुका है. बार-बार डराने, धमकाने और अंधविश्वास फैलाने की कोशिश की जा रही थी. वनकर्मियों का आरोप है कि यह सब जानबूझकर किया गया, ताकि वे दबाव में आ जाएं और किसी बड़े मामले में नरमी बरती जाए.

बाघ के दांत-नाखून केस से जुड़ता दिख रहा पूरा मामला
पुलिस और वन विभाग की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस पूरी घटना की जड़ कुछ दिन पहले पकड़ा गया एक वन्यजीव अपराध है. बताया जा रहा है कि टीचर के नाबालिग बेटे को बाघ के दांत और नाखून के साथ पकड़ा गया था. इसी मामले से निपटने और वनकर्मियों पर मानसिक दबाव बनाने के लिए टीचर ने तांत्रिक रूप अपनाया.

स्कूल परिसर में भी ऐसी हरकतों की शिकायत
स्थानीय लोगों और सूत्रों के अनुसार, टीचर की यह तांत्रिक हरकतें केवल वन विभाग तक सीमित नहीं रहीं. आरोप है कि उसने स्कूल परिसर में भी इस तरह का व्यवहार किया है. इससे बच्चों और स्टाफ में भय का माहौल बना. शिक्षा विभाग को भी इस मामले की जानकारी दी जा रही है.

वन विभाग की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया केस
वन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर ने पुष्टि की है कि मामले की लिखित शिकायत मानपुर थाना में दर्ज कराई गई है. पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है. वीडियो, गवाहों के बयान और पूर्व की घटनाओं को आधार बनाकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.



Source link