Mustafizur Rehman IPL 2026: भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़ रहे तनाव के कारण क्रिकेटर मुस्तफिजूर रहमान के आईपीएल 2026 में खेलने पर सवालिया निशान है. हालांकि, कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खुशी की बात ये है कि मुस्तफिजुर रहमान आईपीएल 2026 के सभी मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे. क्रिकबज की एक रिपोर्ट के अनुसार, मुस्तफिजुर को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) से KKR के लिए खेलने की अनुमति (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) मिल गई है और वो आईपीएल 2026 के दौरान होने वाली न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में नहीं खेलेंगे.
IPL 2026 से पहले 16 दिसंबर को हुए मिनी ऑक्शन में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज ने अपना बेस प्राइस 2 करोड़ रखा था. हालांकि, कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर पर पैसों की बरसात करते हुए उन्हें 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा. पिछले कुछ दिनों से भारत और बांग्लादेश के बीच बिगड़ते रिश्ते को देखते हुए आईपीएल 2026 में उनके खेलने पर सवाल उठाए जा रहे थे. यहां तक कि उनके साथ फ्रेंचाइजी के सह-मालिक शाहरुख खान को भी धमकी मिली है.
मुस्तफिजुर रहमान आईपीएल 2026 के लिए उपलब्ध
क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 में खेलने के लिए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट दे दी है. वो मेगा इवेंट में हिस्सा लेने की वजह से न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में नहीं खेलेंगे. मुस्तफिजुर रहमान टी20 के डेथ स्पेशलिस्ट माने जाते हैं. आईपीएल में भी उनका प्रदर्शन दमदार रहा है. उन्होंने इस लीग में अभी तक 60 मैचों में 28.44 की औसत से 65 विकेट चटकाए हैं.
मुस्तफिजुर और शाहरुख खान को मिली धमकी
मध्य प्रदेश के उज्जैन में धार्मिक नेताओं ने धमकी दी है कि अगर बांग्लादेशी क्रिकेटर को आईपीएल में खेलने की अनुमति दी गई तो वे कार्रवाई करेंगे. धार्मिक नेताओं ने मुस्तफिजुर रहमान के साथ-साथ KKR के सह-मालिक शाहरुख खान को भी टारगेट किया और उन्हें भी धमकी दी.
भारत-बांग्लादेश के बीच तनाव
यह घटना बांग्लादेश में हिंदुओं पर हुए हमलों को लेकर फैले आक्रोश के बीच हुई है। बांग्लादेश में हिंदुओं की पीट-पीटकर हत्या करने की दो अलग-अलग घटनाओं ने भारत में व्यापक आक्रोश पैदा कर दिया है, जिसके चलते कई प्रशंसक आईपीएल में बांग्लादेशी क्रिकेटरों पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहे हैं.