धार जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। जिले में कुल 154 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी, जिनमें 62 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और 92 आंगनवाड़ी सहायिका शामिल हैं।
.
यह भर्ती प्रक्रिया एमपी ऑनलाइन द्वारा निर्मित चयन पोर्टल के माध्यम से पूरी की जाएगी। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 31 दिसंबर 2025 से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 10 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है, जबकि आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार 12 जनवरी 2026 तक किया जा सकेगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास धार, सुभाष जैन ने बताया कि नियुक्ति से संबंधित सभी नियम, निर्देश, शर्तें, आवेदन का प्रारूप, शैक्षणिक योग्यता और अन्य आवश्यक अर्हताओं की विस्तृत जानकारी चयन पोर्टल पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।
नियुक्ति के लिए ग्रामीण क्षेत्र में उसी राजस्व ग्राम और शहरी क्षेत्र में उसी वार्ड का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। आवेदिका का कक्षा 12वीं उत्तीर्ण होना भी आवश्यक है। निवास प्रमाण के लिए विवाहिता की स्थिति में पति का और अविवाहित की स्थिति में पिता के निवास से संबंधित दस्तावेज मान्य होंगे।
गरीबी रेखा, विधवा, परित्यक्ता और स्नातक संबंधी शैक्षणिक योग्यता के अतिरिक्त अंक तभी दिए जाएंगे, जब सक्षम अधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र और अंकसूची ऑनलाइन अपलोड की जाएगी। यह भी स्पष्ट किया गया है कि नियुक्ति से संबंधित कोई भी आवेदन या दस्तावेज किसी कार्यालय में जमा नहीं किए जाएंगे; केवल ऑनलाइन अपलोड किए गए दस्तावेजों के आधार पर ही प्रक्रिया पूरी होगी।
चयन प्रक्रिया आवेदिका द्वारा संलग्न दस्तावेजों के अनुसार निर्धारित अंकों के माध्यम से की जाएगी। रिक्त पदों की जानकारी संबंधित विकासखंड के परियोजना कार्यालय से कार्यालयीन समय में प्राप्त की जा सकती है। यह जानकारी संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र, ग्राम पंचायत, नगर पंचायत, तहसील कार्यालय और अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर भी उपलब्ध है।