Last Updated:
MP News Live: मध्यप्रदेश के हर कोने से ताजा खबरों के लिए News18 से जुड़े रहें. यहां आपको राजनीतिक हलचल, क्राइम, प्राकृतिक आपदाएं, स्थानीय विकास तक हर क्षेत्र की बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी खबरें मिलेंगी.
MP LIVE
MP LIVE: अब तक झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों को बार-बार ट्रेन बदलनी पड़ती थी या लंबा इंतजार करना होता था. नई ट्रेनों के शुरू होने से न सिर्फ समय बचेगा, बल्कि सफर भी ज्यादा आरामदायक हो जाएगा. खास तौर पर नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और मजदूर वर्ग के लिए यह बड़ी राहत मानी जा रही है. रेलवे ने 11631 भोपाल–धनबाद एक्सप्रेस और 11632 धनबाद–भोपाल एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दी है. 11631 भोपाल–धनबाद एक्सप्रेस भोपाल से रात 8:55 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 8:30 बजे धनबाद पहुंचेगी. वहीं वापसी में 11632 धनबाद–भोपाल एक्सप्रेस धनबाद से सुबह 7:00 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 7:20 बजे भोपाल पहुंचेगी. इस ट्रेन का संचालन भोपाल से सोमवार, गुरुवार और शुक्रवार को होगा, जबकि धनबाद से यह ट्रेन रविवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी. इससे झारखंड में काम करने वाले मध्य प्रदेश के लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी. रेलवे ने 11633/11634 भोपाल–चोपन एक्सप्रेस के संचालन को भी मंजूरी दे दी है. यह ट्रेन भोपाल से रविवार रात 8:55 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 10:50 बजे चोपन पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन चोपन से सोमवार शाम 5:10 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:00 बजे भोपाल पहुंचेगी. चोपन उत्तर प्रदेश के सोनभद्र क्षेत्र का अहम रेलवे जंक्शन है. इस ट्रेन के शुरू होने से यूपी के कई औद्योगिक और खनन क्षेत्रों तक सीधी पहुंच आसान हो जाएगी. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इन दोनों नई ट्रेनों से भोपाल की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी. यात्रियों का समय बचेगा, भीड़ का दबाव कम होगा और क्षेत्रीय संपर्क को भी नई रफ्तार मिलेगी.
December 30, 202507:37 IST
Harda News: नए साल से पहले अवैध शराब के स्टॉक किए गए जब्त
बीती रात पुलिस ने नए साल के जश्न के लिए स्टॉक की गई अवैध शराब पकड़ी. लगभग 60 हजार रुपये की 18 पेटी अवैध देशी शराब ग्राम कांकरिया के शंकर विश्नोई उर्फ रामशंकर विश्नोई के घर से जब्त की गई. पुलिस को शक न हो इसलिए शराब बोलेरो गाड़ी में रखकर घर में खड़ी कर दी गई थी. शंकर विश्नोई घर में बनी एक गुमटी से डलिया में रखकर अवैध शराब बेच रहा था. पुलिस को देख आरोपी फरार हो गया. यह कार्रवाई सिविल लाइन थाना पुलिस ने की.
December 30, 202507:35 IST
आदिवासी झुग्गी मामले में कोर्ट से 27 परिवारों को राहत
मानस भवन के पास आदिवासियों की झुग्गी हटाने का मामला कोर्ट में पहुंचा और जबलपुर हाई कोर्ट ने 27 परिवारों को राहत देते हुए बुलडोजर की कार्रवाई पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी। स्टे मिलने के बाद स्थानीय रहवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई. प्रशासन ने कल सुबह बुलडोजर की कार्रवाई की तैयारी की थी, लेकिन अचानक इसे स्थगित करना पड़ा.