Last Updated:
Indore Bhagirathpura News: इंदौर के मराठी मोहल्ला में दूषित पानी से 6 माह के बच्चे की मौत हो गई. मां सदमे में है. ये मोहल्ला भी भागीरथपुरा क्षेत्र में फैले दूषित पानी के संकट का हिस्सा है. बताया जा रहा कि बच्चा 10 की मिन्नत के बाद हुआ था.
रिपोर्ट: मिथिलेश गुप्ता
Indore News: इंदौर में नई बस्ती स्थित मराठी मोहल्ला में दूषित पानी पीने से 6 महीने के मासूम बच्चे की मौत का मामला सामने आया है. परिजनों ने नगर निगम पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है. कहा, लंबे समय से गंदा पानी सप्लाई हो रहा था, जिसकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया. बच्चे की मां साधना साहू सदमे में रो-रोकर बेहाल है. उन्होंने बताया कि उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वह बचा नहीं.
साधना ने दर्द भरी आवाज में कहा, “मेरा बच्चा चला गया. न जाने कितने और मासूम जाएंगे. 10 साल बाद मुझे बेटा हुआ था. कितनी मिन्नतें की थीं. घर का खिलौना था. दादा-दादी का सहारा था. सोचा था बड़ा होकर हम सब का सहारा बनेगा. लेकिन, वह पहले ही चला गया. ये सब दूषित पानी के कारण हुआ है. सरकारी अस्पताल के बाद उसको अपोलो भी लेकर गए थे. लेकिन, वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया”.
बेटी के भी पेट दर्द हो रहा….
साधना ने आगे बताया, बच्चे को ब्रेस्ट फीडिंग से पर्याप्त दूध नहीं मिल रहा था. तब हम बाहर के गाढ़े दूध में पानी मिलाकर पिला रहे थे. पानी दूषित निकला. इसी पानी ने उसकी जान ले ली. बेटा छोटा था, कुछ बता नहीं पता था. मुझे भी पता नहीं चला. 10 साल की बेटी किंचन को भी अब पेट दर्द की शिकायत है. वह भी दूषित पानी की चपेट में है. यह घटना इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में फैले दूषित पानी के संकट का हिस्सा है.
27 अस्पतालों में 149 भर्ती
शहर के 27 अस्पतालों में फिलहाल 149 मरीजों का इलाज चल रहा है. वहीं, 8 लोगों की मौत होने की बात सामने आ रही है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि पानी ‘नहर जैसा’ गंदा आ रहा था, जिसमें उल्टी-दस्त जैसी बीमारियां फैलीं. बच्चे से लेकर 80 वर्षीय बुजुर्ग तक प्रभावित हैं.
सरकार एक्शन में…
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मामले में तत्काल कार्रवाई का आदेश दिया है. नगर निगम ने जोनल अधिकारी और सहायक यंत्री को निलंबित कर दिया, साथ ही मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि घोषित की है. स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र में क्लोरीनेशन बढ़ाने और टैंकरों से शुद्ध पानी सप्लाई शुरू की है.