मंदसौर के श्रीकोल्ड तिराहा पर आदिवासी वीर योद्धा महाराणा पुंजा भील की प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग को लेकर आदिवासी युवा शक्ति (जयस) के कार्यकर्ता बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं।
.
जयस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन पर मांगों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू किया है।जयस पदाधिकारियों का कहना है कि महाराणा पुंजा भील मेवाड़ के पानरवा गांव के निवासी थे और उन्होंने देश एवं समाज के लिए अनेक बलिदान दिए।
उनका योगदान भारतवर्ष के इतिहास में गौरवपूर्ण रहा है। ऐसे महान आदिवासी वीर की प्रतिमा सार्वजनिक स्थल पर स्थापित होने से आने वाली पीढ़ियों को उनके शौर्य और संघर्ष से प्रेरणा मिलेगी।
कई बार दिए आवेदन, नहीं मिला जवाब
जयस कार्यकर्ताओं ने बताया कि प्रतिमा स्थापना को लेकर 23 दिसंबर 2021 सहित कई बार जिला प्रशासन को लिखित आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन आज तक न तो आवेदन पर कोई निर्णय लिया गया और न ही लिखित जवाब प्रदान किया गया। इससे आदिवासी समाज में रोष व्याप्त है।
आदिवासी महापुरुषों के सम्मान की मांग
जयस के आवेदन में उल्लेख किया गया है कि भारत भूमि पर महाराणा पुंजा भील, बिरसा मुंडा, टंट्या भील जैसे अनेक आदिवासी महापुरुषों ने जन्म लिया, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता और रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। ऐसे महापुरुषों के बलिदान पर पूरा आदिवासी समाज गर्व करता है और उनके सम्मान में प्रतिमाओं की स्थापना आवश्यक है।
मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी की चेतावनी दी
जयस कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि जब तक श्रीकोल्ड तिराहा पर आदिवासी वीर योद्धा महाराणा पुंजा भील की प्रतिमा स्थापित करने का ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। धरना स्थल पर नारेबाजी करते हुए प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की जा रही है।
धरना स्थल की तस्वीर