साल के आखिरी दिन शराब के नशे में कहीं हुड़दंग न हो। इसलिए इंदौर आबकारी विभाग सख्ती बरत रहा है। विभाग की टीमें शहर में घूमकर निगरानी कर रही हैं। होटल-ढाबों को समय से बंद कराया जा रहा है। विभाग की एक टीम मंगलवार को हीरानगर थाना क्षेत्र के एमआर-10 पहुंची
.
विभाग की टीमों ने मंगलवार रात शहर के अलग-अलग इलाकों में होटल और ढाबों पर पहुंचकर सघन जांच की और तय समय-सीमा के अनुसार उन्हें बंद कराया। आबकारी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल के निर्देश पर अलग-अलग टीमें शहर के कई हिस्सों में भेजी गईं। इस दौरान भुक्कड़ ढाबा, गिल ढाबा, न्यू सिटिंग जोन, शिकारवाड़ी, लालटेन, जय मां भवानी ढाबा और कैंडलास रेस्टोरेंट सहित अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। टीमों ने संचालकों को समय-सीमा का पालन करने के सख्त निर्देश दिए और 31 दिसंबर की रात भी तय समय पर होटल-ढाबे और बार बंद करने को कहा है।
कंट्रोल रूम से निगरानी, बार कराए बंद
आबकारी विभाग का कंट्रोल रूम शहर के सभी बार पर नजर बनाए हुए है। मंगलवार रात इसी निगरानी के दौरान टीम अपोलो क्षेत्र स्थित हाई स्ट्रीट बार पहुंची और उसे बंद कराया।
युवक को जबरिया गाड़ी में बैठाकर घुमाया
चेकिंग के दौरान आबकारी टीम हीरानगर क्षेत्र के एमआर-10 पहुंची, जहां एक ढाबे पर कुछ युवक शराब पीते हुए मिले। एसआई अहिरवार ने युवकों से पूछताछ की। युवकों का कहना था कि ढाबे पर ही उन्हें शराब पीने की अनुमति दी गई थी। इस दौरान एक युवक प्रतीक ने आरोप लगाया कि टीम ने उससे अभद्रता की और जबरन उसे गाड़ी में बैठाकर इधर-उधर घुमाया। आरोप है कि इस दौरान उसका मोबाइल भी रख लिया गया और करीब चार घंटे बाद उसे छोड़ दिया गया।
हालांकि इस पूरे मामले में अब तक किसी भी प्रकार की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों तक नहीं पहुंची है। आबकारी विभाग का कहना है कि न्यू ईयर के मद्देनजर नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और कहीं भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।