Last Updated:
Katni News: कटनी के एमजीएम अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगे हैं कि उन्होंने अपने कर्मचारियों को 23-24 दिसंबर के बीच अवैध रूप से बंधक बनाया और मानसिक प्रताड़ना दी. इस मामले में पुलिस जांच कर रही है.
Katni News: मध्य प्रदेश के कटनी जिले में एक निजी अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोपों का मामला सामने आया है. कटनी के एमजीएम अस्पताल पर अपने ही कर्मचारियों को अवैध रूप से बंधक बनाने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और दबाव डालकर जमीन के दस्तावेज हड़पने के आरोप लगे हैं. इस मामले में पीड़ित कर्मचारी ने अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है. बरही थाना क्षेत्र के ग्राम मोहनी निवासी बालकिशन पटेल ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन में बताया कि वह पिछले आठ वर्षों से एमजीएम अस्पताल के मेडिकल स्टोर में कार्यरत हैं. बालकिशन के अनुसार, अस्पताल संचालक दीपक गुप्ता और मैनेजर संजय तिवारी ने उन पर और उनके तीन अन्य साथी कर्मचारियों पर 60 लाख रुपये की चोरी का झूठा आरोप लगाया. पीड़ित के मुताबिक, 23 दिसंबर की दोपहर से लेकर 24 दिसंबर की रात करीब 11 बजे तक चारों कर्मचारियों को अस्पताल परिसर में ही जबरन रोककर रखा गया.
कर्मचारियों पर लगातार दबाव
शिकायत में बताया गया है कि इस दौरान कर्मचारियों पर लगातार दबाव बनाया गया और हर एक से 15-15 लाख रुपये देने की मांग की जाती रही. भय और मानसिक दबाव के चलते बालकिशन के परिजनों ने अपनी जमीन की रजिस्ट्री अस्पताल प्रबंधन को सौंप दी, जिसके बाद ही कर्मचारियों को छोड़ा गया.
बालकिशन पटेल ने अस्पताल प्रबंधन पर वित्तीय अनियमितताओं के भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि मेडिकल स्टोर में बेहद कम कीमत के सामान का फर्जी बिल हजारों रुपये का बनाया जाता था. जब उन्होंने इस कथित गड़बड़ी का विरोध किया, तो उन्हें चोरी के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने शिकायत पर संज्ञान लिया है. एसपी ने बताया कि शिकायत मिली है और कोतवाली थाना प्रभारी को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
About the Author
Deepti Sharma, currently working with News18MPCG (Digital), has been creating, curating and publishing impactful stories in Digital Journalism for more than 6 years. Before Joining News18 she has worked with Re…और पढ़ें