Last Updated:
Sidhi News: डॉ राहुल जायसवाल ने लोकल 18 से कहा कि आग के पास ज्यादा देर बैठने से आंखों में जलन, लालिमा और पानी आने जैसी दिक्कत हो सकती है. लगातार धुएं के संपर्क में रहने से आंखों की रोशनी पर भी बुरा प्रभाव पड़ सकता है.
सीधी. मध्य प्रदेश में इन दिनों सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. ठंडी हवाओं और गिरते तापमान के कारण लोगों को मोटे कपड़े पहनने के बाद भी ठंड से राहत नहीं मिल पा रही है. ऐसे में ठंड से बचने के लिए लोग आग जलाकर हाथ-पैर सेंकते नजर आ रहे हैं. सुबह और शाम खुले स्थानों से लेकर घरों के अंदर तक लोग लकड़ी या कोयले की अंगीठी या सिगड़ी जलाकर सर्दी दूर करने की कोशिश करते हैं. हालांकि आग के पास बैठना भले ही सुकून देता हो लेकिन यह आदत सेहत के लिए गंभीर नुकसान भी पहुंचा सकती है. सीधी शहर में स्थित चित्रकूट आई केयर के संचालक डॉ राहुल जायसवाल ने लोकल 18 को जानकारी देते हुए बताया कि सर्दियों में आग तापना आम बात है लेकिन इससे होने वाले नुकसान से लोग अक्सर अनजान रहते हैं. लंबे टाइम तक आग के पास बैठने से आंखों, नाक और फेफड़ों पर बुरा असर पड़ता है. आग से निकलने वाली तेज गर्मी और धुआं कई तरह की बीमारियों को जन्म दे सकता है.
डॉ जायसवाल के अनुसार, आग के पास ज्यादा देर बैठने से आंखों में जलन, लालिमा और पानी आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं. लगातार धुएं के संपर्क में रहने से आंखों की रोशनी पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है. वहीं लकड़ी या कोयले से निकलने वाला धुआं नाक को सूखा देता है, जिससे जलन, नाक बहना और बार-बार छींक आने की शिकायत बढ़ जाती है.
धुएं में लाखों सूक्ष्म कण
डॉ जायसवाल ने बताया कि आग से निकलने वाले धुएं में लाखों सूक्ष्म कण मौजूद होते हैं, जो सीधे हमारे रेस्पिरेटरी सिस्टम को प्रभावित करते हैं. यह धुआं फेफड़ों के लिए बेहद नुकसानदायक होता है और इससे खांसी, सांस लेने में तकलीफ, अस्थमा और एलर्जी जैसी समस्याएं गंभीर रूप ले सकती हैं. खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों को इससे अधिक खतरा रहता है.
सावधानी बरतने की सलाह
उन्होंने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि अगर आग तापनी ही पड़े, तो उससे पर्याप्त दूरी बनाए रखें और बंद कमरे में अंगीठी या कोयले की आग जलाने से बचें. इसके अलावा हीटर का उपयोग करते समय भी वेंटिलेशन का ध्यान रखना जरूरी है. सर्दियों में गर्म कपड़े पहनना, गुनगुने पानी का सेवन करना और संतुलित आहार लेना ठंड से बचने का सुरक्षित तरीका है. डॉक्टर का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी अपनाकर हम सर्दी का आनंद भी ले सकते हैं और अपनी सेहत को होने वाले नुकसान से भी बचा सकते हैं.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.