Vijay Hazare Trophy 2025-26: हार नहीं मानूंगा, रार नहीं ठानूंगा… जी हां, सरफराज खान यही सोच के साथ क्रिकेट के मैदान पर उतरते हैं और टीम इंडिया में जगह बनाने के लिए हर एक कोशिश कर रहे हैं, जो वो कर सकते हैं. शानदार फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज ने साल 2025 का अंत भी धमाकेदार अंदाज में किया. बुधवार, 31 दिसंबर को विजय हजारे ट्रॉफी में गोवा के खिलाफ मैच में सरफराज खान ने 175 रनों की अद्भुत पारी खेलकर सनसनी मचा दी है. सही मायने में कहें तो सरफराज ने गोवा के खिलाफ धागा खोल दिया.
जयपुर में खेले जा रहे मैच में गोवा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. मुंबई की तरफ से नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने उतरे सरफराज खान ने शुरुआत से ही आक्रामक रवैया अपनाया और मैदान के हर कोने में चौकों-छक्कों की बरसात कर दी. दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 56 गेंद पर शतक ठोका.
सरफराज खान की तूफानी पारी
सरफराज खान शतक जड़ने के बाद और खतरनाक हो गए और उन्होंने अगली 19 गेंदों पर 57 रन ठोक दिए. गोवा के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए उन्होंने 75 गेंदों पर 157 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 209.33 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 14 छक्के और 9 चौके जड़े. इसके साथ ही उन्होंने स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा का रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया. हिटमैन ने कुछ दिन पहले सिक्किम के खिलाफ मैच में 62 गेंद पर शतक ठोका था, जो List A में मुंबई की तरफ से सबसे तेज सेंचुरी थी. हालांकि, अब सरफराज ने 56 बॉल पर शतक जड़कर हिटमैन के रिकॉर्ड को तहस-नहस कर दिया है.
दो भाई… दोनों तबाही
गोवा के खिलाफ मैच में सरफराज खान ने तो गदर काटा ही, उनके छोटे भाई मुशीर ने भी अच्छी पारी खेली. नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए मुशीर ने 66 गेंदों पर 60 रन बनाए. अगर दोनों भाई के रन मिला दें तो 217 रन बने और सरफराज-मुशीर ने गोवा के गेंदबाजों की बखिया उधेरते हुए 16 छक्के और 14 चौके जड़े. मुंबई ने 50 ओवरों में 444 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया.
ये भी पढ़ें: 1703 रन, 39 छक्के… सारा जमाना हुआ स्मृति मंधाना का दीवाना, भारत की ‘क्वीन’ ने किया करिश्मा!