Vijay Hazare Trophy 2025-26: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 मैचों की ODI सीरीज का आगाज 11 जनवरी से होगा. बीसीसीआई ने अभी तक इस शृंखला के लिए टीम इंडिया का ऐलान नहीं किया है. चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर के लिए ये काम आसान नहीं होगा, क्योंकि घरेलू टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में एक बल्लेबाज ऐसे शानदार फॉर्म से गुजर रहा है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है. हम बात कर रहे हैं कर्नाटक के युवा बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल की, जो विजय हजारे ट्रॉफी में सिर्फ शतक से बात कर रहे हैं.
बुधवार (31 दिसंबर) को पुदुचेरी के खिलाफ अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में देवदत्त पडिक्कल ने शानदार शतक ठोका. वो किस खतरनाक फॉर्म में हैं, उसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि इस टूर्नामेंट में अभी तक उन्होंने 4 मुकाबले खेले हैं और 3 में सेंचुरी जड़ी है. इससे पहले उन्होंने झारखंड और केरल के खिलाफ सेंचुरी ठोकी थी. देवदत्त पडिक्कल का लिस्ट ए रिकॉर्ड देख आपकी आंखें खुली की खुली रह जाएगी.
देवदत्त पडिक्कल को कैसे करेंगे नजरअंदाज?
ऐसा नहीं है कि देवदत्त पडिक्कल सिर्फ विजय हजारे ट्रॉफी के इस सीजन में रनों की बरसात कर रहे हैं. यूं कहें कि रनों की बरसात रुकी ही नहीं है तो गलत नहीं होगा. बाएं हाथ के बल्लेबाज ने लिस्ट ए करियर में अभी तक 36 मैच खेले हैं. आपको ये जानकर हैरानी होगी कि कर्नाटक के बैटर ने इन 36 मैचों में से 24 पारियों में 50 से अधिक रन बनाए हैं. जी हां, पडिक्कल ने 12 शतक और 12 अर्धशतक जड़े हैं. लिस्ट ए क्रिकेट में उन्होंने 81.51 की शानदार औसत से 2364 रन बनाए हैं.
— Johns. (@CricCrazyJohns) December 31, 2025
टीम इंडिया में मिलेगी एंट्री?
पिछले 4 मैचों में 3 शतक और लिस्ट ए क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले देवदत्त पडिक्कल इस समय टीम इंडिया में एंट्री के लिए दरवाजा खटखटा नहीं बल्कि तोड़ रहे हैं. अब देखना होगा कि मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और हेड कोच गौतम गंभीर उन्हें इनाम देते हैं या फिर इग्नोर करते हैं. बता दें कि पडिक्कल टेस्ट और T20I में भारत के लिए डेब्यू कर चुके हैं, लेकिन ODI में इंतजार अभी जारी है.
ये भी पढ़ें: जसप्रीत बुमराह या मुस्तफिजुर रहमान, T20 में दोनों करते हैं बल्लेबाजों का जीना-हराम, किसका रिकॉर्ड बेहतर?