अनूपपुर में नए साल के जश्न के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त है। अनूपपुर में यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान तीन वाहन चालकों को पकड़ा गया और उनके वाहन जब्त कर लिए।
.
शहर के प्रमुख चौराहों पर हुई जांच
जिला यातायात पुलिस प्रभारी विनोद दुबे ने बताया कि सामतपुर तिराहा, रेलवे अंडर ब्रिज तिराहा, अमरकंटक तिराहा और इंदिरा तिराहा सहित शहर के प्रमुख चौराहों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते तीन चालकों को पकड़ा गया।
दो दिन में छह चालकों पर कार्रवाई
यातायात प्रभारी विनोद दुबे ने ने बताया कि पिछले दो दिनों में कुल छह वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इनमें से तीन चालकों पर बुधवार को और तीन पर गुरुवार को कार्रवाई की गई। सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत केस दर्ज कर वाहन जब्त किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य सड़क हादसों पर रोक लगाना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यातायात पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित तरीके से नववर्ष का स्वागत करें।