आगर मालवा में नववर्ष के अवसर पर एक जनवरी को एसपी कार्यालय में जन्मे 11 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों का जन्मदिन सादगीपूर्ण तरीके से मनाया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने सभी पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं दीं और सम्मानित भी किया।
.
उन्होंने कहा कि जन्मदिन केवल उत्सव नहीं बल्कि आत्ममंथन और अपने कौशल को सुधारने का अवसर होता है। एसपी ने पुलिसकर्मियों को अपने अनुभवों से सीख लेकर कार्य को और प्रभावी बनाने और अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की सलाह दी।
स्वास्थ्य और सुरक्षा पर दिया जोर
एसपी ने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और ध्यान, योग तथा नियमित व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बीपी, शुगर और अन्य स्वास्थ्य जांच समय-समय पर कराते रहें और संतुलित आहार अपनाएं।
सड़क सुरक्षा के संबंध में उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी स्वयं हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें और आम लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। एसपी ने मादक पदार्थ, शराब और तंबाकू से दूरी बनाए रखने का भी आग्रह किया।
जन्मदिन पर मिला अवकाश
इस अवसर पर जन्मदिन मना रहे सभी 11 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए 500 रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। साथ ही, उन्हें एक दिवस का अवकाश भी प्रदान किया गया। भविष्य में हर पुलिसकर्मी के जन्मदिन पर यह अवकाश अनिवार्य रूप से दिया जाएगा।
यह रहे उपस्थित
इस अवसर पर रविन्द्र कुमार बोयट, एसडीओपी मोतीलाल कुशवाहा, थाना प्रभारी शशि उपाध्याय और रूपसिंह बेस, रेडियो निरीक्षक मुल्लू सिंह, निरीक्षक हीना कनेश, सूबेदार जगदीश यादव, सूबेदार जितेंद्र शुक्ला सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।