इन दिनों वनडे क्रिकेट का खुमार भारत में छाया हुआ है. न सिर्फ इंटरनेशनल बल्कि रोहित शर्मा और विराट कोहली के जलते लिस्ट ए डोमेस्टिक में भी फैंस की भरमार देखने को मिली. इस बीच टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर आर अश्विन के एक बयान से खलबली मच चुकी है. अश्विन का मानना है कि वनडे का भविष्य खतरे में आ चुका है. उन्होंने सीधे कहा कि वनडे वर्ल्ड कप 2027 के बाद इस फॉर्मेट का भविष्य खतरे में होगा और शायद ही ये फॉर्मेट लंबा टिक पाए.
टी20 की बोलती है तूती
मॉडर्न क्रिकेट की बात करें तो प्लेयर्स ही नहीं बल्कि फैंस की भी सोच पूरी तरह बदल चुकी है. टी20 फॉर्मेट में छक्कों-चौकों के लिए रोमांच का तड़का फैंस को खूब पसंद आ रहा है. टी20 फॉर्मेट के इस दौर में वनडे क्रिकेट में विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों ने जान फूंक रखी है. दोनों की बदौलत वनडे में फैंस की भरमार देखने को मिलती है. अश्विन ने कहा कि इन दोनों के संन्यास के बाद ये फॉर्मेट खत्म हो सकता है.
क्या बोले अश्विन?
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘मुझे 2027 वर्ल्ड कप के बाद वनडे के भविष्य के बारे में पक्का नहीं पता. मैं इसे लेकर थोड़ा चिंतित हूं. बेशक, मैं विजय हजारे ट्रॉफी फॉलो कर रहा हूं, लेकिन जिस तरह से मैंने SMAT को फॉलो किया था, उस तरह से इसे फॉलो करना थोड़ा मुश्किल लग रहा है. साथ ही, हमें यह जानने की ज़रूरत है कि दर्शक क्या देखना चाहते हैं. मुझे लगता है कि टेस्ट क्रिकेट के लिए अभी भी जगह है, लेकिन वनडे क्रिकेट के लिए मुझे सच में लगता है कि जगह नहीं है.’
ये भी पढ़ें.. सरफराज को तीनों फॉर्मेट खेलना चाहिए.. पूर्व कप्तान ने सेलेक्शन पर उठाए सवाल
रोहित-कोहली की मौजूदगी अहम
उन्होंने आगे कहा, ‘देखिए, रोहित और विराट विजय हजारे ट्रॉफी में वापस आए और लोगों ने इसे देखना शुरू कर दिया. हम जानते हैं कि खेल हमेशा व्यक्तियों से बड़ा होता है, लेकिन कभी-कभी इन खिलाड़ियों को खेल को प्रासंगिक बनाने के लिए वापस आना पड़ता है. विजय हजारे ट्रॉफी, बेशक, एक घरेलू प्रतियोगिता है जिसे ज़्यादा लोग फॉलो नहीं करते, लेकिन उन्होंने किया क्योंकि विराट और रोहित खेल रहे थे. फिर भी, क्या होगा जब वे वनडे खेलना बंद कर देंगे?’