मंडला में दो ट्रकों की टक्कर हो गई।
मंडला के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 30 पर दो ट्रकों की भीषण टक्कर हो गई। यह हादसा चिकलहा नाला के पास हुई, जहां सड़क निर्माण के कारण एक तरफ का रास्ता बंद था। घटना बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 12.30 बजे की है।
.
एक ट्रक का ड्राइवर केबिन में फंसा
इस हादसे में एक ट्रक का ड्राइवर केबिन में फंस गया, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलने पर हाईवे हेल्पलाइन 1033 की टीम, जिसमें पायलट लेखराम यादव, ईएमटी आनंद मार्को और हेल्पर सुरजीत शामिल थे, बिछिया पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने फंसे हुए ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला और उसे बिछिया स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
कोल्डड्रिंक से लदा ट्रक पौधे लदे ट्रक से टकराया
बिछिया पुलिस के अनुसार, रायपुर की ओर जा रहा कोल्डड्रिंक से लदा एक ट्रक सामने से आ रहे पौधे लदे ट्रक से टकरा गया, जो मंडला की ओर जा रहा था। सड़क निर्माण के कारण एक लेन बंद होने से यह हादसा हुआ।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।