अब कैसी है डेमियन मार्टिन की हालत? जिंदगी और मौत से लड़ रहा दिग्गज, एडम गिलक्रिस्ट ने दिया अपडेट

अब कैसी है डेमियन मार्टिन की हालत? जिंदगी और मौत से लड़ रहा दिग्गज, एडम गिलक्रिस्ट ने दिया अपडेट


Damien Martyn Health Update: ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज डेमियन मार्टिन अस्पताल में जिंदगी और मौत से लड़ रहे हैं. वह मेनिनजाइटिस की समस्या से जूझ रहे हैं. वह फिलहाल गोल्ड कोस्ट यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल में भर्ती हैं और मेडिकल रूप से कोमा में हैं. तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें बॉक्सिंग डे (26 दिसंबर) को भर्ती कराया गया था. उनके लिए दुनिया भर में दुआएं की जा रही हैं. इसी बीच मार्टिन के अच्छे दोस्त और ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने उनकी सेहत को लेकर ताजा जानकारी दी है.

गिलक्रिस्ट ने क्या बताया?

गिलक्रिस्ट ने गुरुवार (1 जनवरी) को बताया कि डेमियन मार्टिन ने अस्पताल में कुछ अच्छे संकेत दिखाए हैं. पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज ने अपने सबसे करीबी दोस्तों में से एक की सेहत के बारे में अपडेट दिया. फॉक्स क्रिकेट पर बात करते हुए गिलक्रिस्ट ने कहा कि पिछले 24 घंटों में हालात बेहतर हुए हैं. पूर्व विकेटकीपर ने कहा, ”वह अभी भी अस्पताल में हैं. जैसे-जैसे जानकारी मिलेगी और डिटेल्स सामने आएंगी, लेकिन निश्चित रूप से पिछले 24 घंटों में उनके जो अलग-अलग टेस्ट हो रहे हैं, उनसे कुछ अच्छे संकेत मिल रहे हैं.”

Add Zee News as a Preferred Source


गिलक्रिस्ट ने लोगों को कहा धन्यवाद

गिलक्रिस्ट ने दुनिया भर के लोगों को मिली शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया और उम्मीद जताई कि मार्टिन ठीक होने की राह पर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ते रहेंगे. उन्होंने आगे कहा, ”इतनी दिलचस्पी और प्यार मिला है. एक बेहतरीन खिलाड़ी, शानदार इंसान. मुझे बस उम्मीद है कि वह ठीक होते रहेंगे.” मार्टिन की बीमारी की खबर सामने आने के बाद क्रिकेट जगत से समर्थन के संदेशों की बाढ़ आ गई है.

ये भी पढ़ें: शॉकिंग: दिग्गज क्रिकेटर ने अचानक किया संन्यास का ऐलान, 87 टेस्ट में ठोके हैं 6206 रन और 16 शतक

लक्ष्मण-लेहमैन ने मांगी दुआ

भारत के पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण और रविचंद्रन अश्विन भी दुआ करने वालों में शामिल थे. लक्ष्मण ने लिखा, ”मेरे प्यारे दोस्त मार्टिन और उनके परिवार को ताकत और प्रार्थनाएं भेज रहा हूं. उनके पूरी तरह और जल्द ठीक होने की कामना करता हूंय इस मुश्किल समय में पूरा क्रिकेट जगत आपके साथ है.” ऑस्ट्रेलियाई टीम में मार्टिन के साथी रहे डैरेन लेहमैन संदेश साझा किए. लेहमैन ने लिखा, ”मार्टिन को ढेर सारा प्यार और प्रार्थनाएं भेज रहा हूं. मजबूत रहो और लड़ते रहो, लेजेंड. परिवार को प्यार.”

ये भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया का पहला मुस्लिम क्रिकेटर… कभी फिलिस्तीन का समर्थन तो कभी पिच से नाराज, ये हैं ख्वाजा के 5 बड़े विवाद

मार्टिन का टेस्ट करियर

मार्टिन को ऑस्ट्रेलिया के सबसे शानदार स्ट्रोक-मेकर्स में से एक माना जाता है. उन्होंने 1992 और 2006 के बीच 67 टेस्ट खेले. इसमें उन्होंने 46.37 की औसत से 4,406 रन बनाए. मार्टिन के नाम 13 शतक शामिल हैं. छह साल के गैप के बाद 2000 में टेस्ट टीम में वापसी करने के बाद वह स्टीव वॉ की मजबूत टीम के एक अहम खिलाड़ी बन गए और 2006 की एशेज सीरीज के बीच में ही रिटायर हो गए. वह 2003 में वनडे वर्ल्ड कप और 2006 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम के सदस्य रहे.



Source link