लग्जरी लाइफस्टाइल, महंगी गाड़ियों और गनमैन के दम पर निवेशकों का भरोसा जीतकर करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का मंदसौर पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना समेत दो आरोपियों को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार क
.
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से 20 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी को अंजाम दिया। थाना वाय.डी. नगर में दर्ज प्रकरण के तहत मल्हारगढ़ निवासी अजय राठौर और पिपलिया मंडी निवासी आदित्य पालीवाल को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 316(5) और मध्य प्रदेश निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम 2000 की धारा 6(1) के तहत मामला दर्ज है।
15 प्रतिशत रिटर्न का लालच देकर ठगी पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अजय राठौर ने ‘क्रोलिक’ नाम से एक कंपनी शुरू की थी। उसने चेन सिस्टम के आधार पर निवेश का मॉडल तैयार किया और 15 प्रतिशत रिटर्न का लालच देकर सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपए निवेश करवाए। शुरुआती दौर में कुछ निवेशकों को समय पर रिटर्न देकर भरोसा बनाया गया, लेकिन जैसे ही बड़ी राशि एकत्र हुई, कंपनी बंद कर दी गई और दोनों आरोपी फरार हो गए।
महज 10वीं तक पढ़ा है मुख्य सरगना जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य सरगना अजय राठौर महज 10वीं तक पढ़ा हुआ है, लेकिन उसने एथिकल हैकिंग का कोर्स किया हुआ है। फरारी के दौरान उसने तकनीकी ज्ञान का भरपूर इस्तेमाल किया। आरोपी सिम रहित मोबाइल, प्रॉक्सी नेटवर्क और वर्चुअल लोकेशन जैसी तकनीकों के जरिए पुलिस से बचते रहे। वहीं, आदित्य पालीवाल ग्रेजुएट है और पूरे नेटवर्क के संचालन में उसकी अहम भूमिका रही।
लैपटॉप, आईपैड, तीन मोबाइल, थार जब्त एसपी के मार्गदर्शन में गठित विशेष पुलिस टीम ने तकनीकी डेटा विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की लोकेशन हरियाणा के फरीदाबाद में ट्रेस की। वाय.डी. नगर थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय, उपनिरीक्षक रितेश नागर और उपनिरीक्षक विनय बुंदेला के नेतृत्व में टीम ने फरीदाबाद पहुंचकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, एक एप्पल आईपैड, तीन मोबाइल फोन और एक महिंद्रा थार वाहन जब्त किया है। जब्त किए गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ठगी की राशि, खरीदी गई संपत्तियों और अन्य सहयोगियों को लेकर पूछताछ कर रही है।
80 लाख रुपए की जगुआर कार से घूमता था पुलिस के अनुसार, अजय राठौर करीब 80 लाख रुपए की जगुआर कार से घूमता था, जबकि आदित्य पालीवाल अपने साथ गनमैन रखता था। उनकी शानो-शौकत देखकर लोग उन पर भरोसा कर निवेश करते चले गए।
दोनों बचपन के दोस्त हैं और अब तक सैकड़ों निवेशकों से करोड़ों रुपए की ठगी कर चुके हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक फरारी के दौरान दोनों आरोपी फरीदाबाद के पॉश इलाके ओमेक्स वर्ल्ड स्ट्रीट में एक कपड़ों की दुकान भी संचालित कर रहे थे।