शहडोल में नए साल की पहली रात प्रशासन का एक अलग रूप देखने को मिला। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने बिना किसी प्रोटोकॉल के शहर की सड़कों पर उतरकर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ नगर पालिका सीएमओ और कोतवाली थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रह
.
यह भ्रमण कोतवाली क्षेत्र से शुरू हुआ और शंकर टॉकीज, सब्जी मंडी, गांधी चौक, पुराना शेर चौक, परमट और शहर के अन्य प्रमुख मार्गों व चौराहों तक चला। अधिकारियों ने बिना सायरन या सुरक्षा घेरे के हर स्थान पर रुककर बारीकी से हालात का निरीक्षण किया।
शहर निरीक्षण में सफाई, यातायात और अतिक्रमण पर सख्ती
निरीक्षण के दौरान शहर की साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, सड़क किनारे अतिक्रमण, सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। कई जगहों पर जाम, अव्यवस्थित पार्किंग और गंदगी पाए जाने पर संबंधित विभागों को मौके पर ही दिशा-निर्देश जारी किए गए। पुलिस अधिकारियों को यातायात व्यवस्था और रात्रि गश्त को और सख्त करने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने नागरिकों से संवाद कर समस्याएं सुनीं
भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने आम नागरिकों, दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय रहवासियों से सीधे संवाद किया। लोगों ने साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट और अतिक्रमण से संबंधित शिकायतें रखीं, जिन पर अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रशासन का यह रात्रिकालीन निरीक्षण इस बात का संकेत है कि शहडोल प्रशासन केवल कार्यालयों तक सीमित न रहकर जमीनी हकीकत को समझना चाहता है। नए साल की पहली रात सड़क पर उतरकर किया गया यह जायजा आने वाले समय में प्रशासनिक सख्ती और व्यवस्था सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।