Paarl Royals vs MI Cape Town SA20: साउथ अफ्रीका की टी20 लीग SA20 2026 का रोमांच जारी है. शुक्रवार को हुए 10वें मैच में पार्ल रॉयल्स का सामना एमआई केपटाउन से हुआ. पार्ल के बोलैंड पार्क में खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में पार्ल रॉयल्स ने MI केपटाउन को हराकर इस सीजन में दूसरी जीत हासिल की. वहीं, राशिद खान की अगुवाई वाली टीम को लगातार तीसरी मैच में हार का सामना करना पड़ा. पहले बल्लेबाजी करते हुए पार्ल रॉयल्स ने स्कोरबोर्ड पर 181 रन बनाए थे, जिसके जवाब में एमआई केपटाउन की टीम ने लड़ाई तो लड़ी और 180 रन बनाए, लेकिन एक रन दूर रह गए.
एमआई केपटाउन बनाम पार्ल रॉयल्स मैच के बीच एक दिलचस्प ड्रामा देखने को मिला. सोशल मीडिया पर इस मोमेंट का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देख सकते हैं कि साउथ अफ्रीका के दो स्टार खिलाड़ी क्रिकेट के मैदान पर कुश्ती करते नजर आ रहे हैं. दोनों मैदान पर गिर भी गए. ये मजेदार घटना कब और कैसे हुई? आइए जानते हैं.
मिलर ने रिकेल्टन को क्यों पटका?
मैदान पर ये गजब ड्रामा दूसरी पारी के दौरान हुआ. एमआई केपटाउन के ओपनर रयान रिकेल्टन आक्रामक अंदाज में खेल रहे थे. तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने मिड ऑफ की दिशा में शॉट खेलकर सिंगल के लिए दौड़ लगाई. वहां पार्ल रॉयल्स के कप्तान डेविड मिलर खड़े थे. रिकेल्टन तेजी से भागे और एक रन पूरा किया, लेकिन इस दौरान वो नॉन स्ट्राइक तक पहुंचते ही थोड़ा लड़खड़ाते दिखे, उनके हाथ से बल्ला भी फिसल गया. वो जैसे ही डेविड मिलर के करीब पहुंचे, पार्ल रॉयल्स के कप्तान ने उन्हें पकड़ लिया.
असली ड्रामा तो इसके बाद हुआ. डेविड मिलर मजाकिया अंदाज में रिकेल्टन को पूरी ताकत से पकड़ते दिखे और उन्हें मैदान पर पटक दिया. वायरल वीडियो में देख सकते हैं कि दोनों खिलाड़ी ग्राउंड पर गिरे हुए हैं. मजेदार मोमेंट को देखकर कमेंटेटर भी मजे लेते हुए बोले कि लगता है दोनों UFC लीग की तैयारी कर रहे हैं.
— Betway SA20 (@SA20_League) January 2, 2026
जीत को तरसी राशिद खान की टीम
SA20 टूर्नामेंट की डिफेंडिंग चैंपियन एमआई केपटाउन इस सीजन में अभी तक जीत का स्वाद नहीं चख सकी है. शुक्रवार को हुए मुकबले में जीत उनके हाथ तो आई, लेकिन मुंह नहीं लगी. पार्ल रॉयल्स ने एक रन से मैच जीत लिया. राशिद खान की टीम पेपर पर सबसे मजबूत है, लेकिन जीत का खाता अभी तक नहीं खुला है. एमआई केपटाउन ने अब तक 4 मैच खेले हैं और चारों में हार का सामना करना पड़ा है. पॉइंट्स टेबल पर भी वो फिलहाल सबसे पीछे हैं.