इंदौर के एमजीएम कॉलेज में स्टूडेंट के साथ ऑनलाइन ठगी की घटना सामने आई है। आरोपी ने टास्क पूरा करने पर बोनस देने के नाम पर ठगा। पहले पीड़ित को टेलीग्राम लिंक पर ग्रुप में जोड़ा और छोटे-छोटे टास्क के नाम पर रुपये जमा कराए।
.
इस तरह लगातार करीब 15 लाख रुपये अलग-अलग अकाउंट में ट्रांसफर करवाए गए, जबकि वापस सिर्फ कुछ ही पैसे मिले। संयोगितागंज पुलिस ने कृष्णकुमार कुमावत, निवासी एमजीएम बॉयज होस्टल, की शिकायत पर FIR दर्ज की है।
शिप्पो कंपनी का आया था ऑफर
कृष्णकुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले उसे कल्यानी एस नाम से शिप्पो कंपनी का ऑफर आया, जिसमें टास्क पूरा करने पर बोनस देने की बात कही गई।
वह टेलीग्राम लिंक के जरिए एक ग्रुप में जोड़ दिए गए। पहला टास्क 9 दिसंबर को मिला, जिसमें 1,000 रुपए का बोनस उनके अकाउंट में क्रेडिट हुआ। इसके बाद 9 दिसंबर को 9,000 रुपये का ऑफर आया, जिसमें कहा गया कि अगर रूपए डिपॉजिट करेंगे तो 56 टास्क मिलेंगे। इसके बाद उन्होंने यूपीआई से पैसे भेजे और 15,000 रुपए का बोनस मिला। 11 दिसंबर को फिर 9,000 रुपए जमा कराए गए, जिससे 35,000 रुपए का बोनस मिला।
टास्क जारी रहने के दौरान अलग-अलग बार में करीब 15 लाख रुपये अकाउंट में जमा कराए गए। हालांकि, 3 जनवरी 2026 को केवल 51,000 रुपये ही उनके अकाउंट में वापस क्रेडिट हुए। जब कृष्णकुमार ने टेलीग्राम और व्हाट्सएप नंबर पर पैसे मांगे, तो आरोपियों ने नंबर ब्लॉक कर दिया। पुलिस अब अकाउंट में फंसे हुए पैसे को फ्रीज करवा रही है और संबंधित जानकारी जुटा रही है।
क्रेडिट कार्ड ठगी का दूसरा मामला
द्वारकापुरी पुलिस ने क्रेडिट कार्ड पर कम चार्ज का प्लान एक्टिव करने के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की। सायबर सेल से मिली जानकारी के अनुसार, स्कीम नंबर 71 में रहने वाली प्रगति जैन को 30 दिसंबर को कॉल आया।
कॉल करने वाले ने खुद को तुषार शर्मा बताते हुए कहा कि वह HDFC बैंक से बोल रहा है और उनके क्रेडिट कार्ड पर 1 जनवरी से लगने वाले चार्ज में छूट देने और अन्य पालिसी एक्टिव करने की बात कही।
प्रगति से जिप ऐप डाउनलोड कराने और लिंक पर क्लिक कराने के बाद उनके अकाउंट से पहली बार 1,90,000 रुपए, दूसरी बार 3,80,000 रुपए निकल गए। तीसरी बार कॉल करने पर प्रगति को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई और कार्ड ब्लॉक करवाया। पुलिस ने शनिवार को मामले में कार्रवाई की।