जिंदगी से जंग लड़ रहे डेमियन मार्टिन, अब कैसी है वर्ल्ड कप हीरो की हालत? परिवार ने दिया बड़ा अपडेट

जिंदगी से जंग लड़ रहे डेमियन मार्टिन, अब कैसी है वर्ल्ड कप हीरो की हालत? परिवार ने दिया बड़ा अपडेट


Damien Martyn Health Update: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्टार क्रिकेटर डेमियन मार्टिन इस समय जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहे हैं. 26 दिसंबर को तबीयत बिगड़ने के बाद मार्टिन को ब्रिस्बेन के एक अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों ने उन्हें कोमा में रखा था. तमाम क्रिकेट फैंस उनके लिए दुआ मांग रहे हैं. अब डेमियन मार्टिन के परिवार ने ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज के मेनिन्जाइटिस से जूझने के बारे में एक बयान जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि उनकी हालत में सुधार हो रहा है.

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेट कीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने भी हाल ही में दोस्त डेमियन मार्टिन के बारे में जानकारी देते हुए कहा था कि उनके स्वास्थ्य में सुधार के संकेत दिख रहे हैं. अब मार्टिन की पत्नी अमांडा ने न्यूजकॉर्प के माध्यम से एक बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने इस कठिन समय के दौरान सहयोग देने के लिए गोल्ड कोस्ट यूनिवर्सिटी अस्पताल की मेडिकल टीम को धन्यवाद दिया.

अब कैसी है डेमियन मार्टिन की तबीयत?

Add Zee News as a Preferred Source


डेमियन मार्टिन के परिवार की तरफ से जो बयान जारी किया गया है उसके अनुसार डेमियन का इलाज अच्छी तरह से चल रहा है. परिवार ने कहा, ”हम गोल्ड कोस्ट यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल की मेडिकल टीम के प्रति भी अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त करना चाहते हैं, जिन्होंने इस चुनौतीपूर्ण समय में अद्भुत सहयोग दिया है. यह एक कठिन समय रहा है, और परिवार आपसे अनुरोध करता है कि आप उनकी निजता का सम्मान करें.”

किस बीमारी से लड़ रहे हैं डेमियन मार्टिन?

ऑस्ट्रेलियाई मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मार्टिन को डॉक्टरों ने मेनिन्जाइटिस (Meningitis) से पीड़ित पाया है. संक्रमण और मस्तिष्क की सूजन को कम करने के लिए उन्हें ‘इंड्यूस्ड कोमा’ में रखा गया है.

क्या है मेनिन्जाइटिस?

मेनिन्जाइटिस (Meningitis) एक अत्यंत गंभीर और जानलेवा स्थिति है जिससे ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर डैमियन मार्टिन इस समय जूझ रहे हैं. आसान भाषा में कहें तो यह हमारे मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी से जुड़ी बीमारी है. हमारे दिमाग और रीढ़ की हड्डी के चारों ओर एक सुरक्षात्मक झिल्ली होती है, जिसे ‘मेनिन्जेस’ (Meninges) कहा जाता है. जब इस झिल्ली में संक्रमण के कारण सूजन आ जाती है, तो उसे ‘मेनिन्जाइटिस’ कहते हैं. इसे आम भाषा में ‘दिमागी बुखार’ भी कहा जाता है.

डेमियन मार्टिन का क्रिकेट करियर

शानदार ‘कवर ड्राइव’ और ‘कट शॉट’ खेलने में माहिर डेमियन मार्टिन ने 1992 में इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा था. महान बल्लेबाज रिकी पोंटिंग और मैथ्यू हेडन के कारण मार्टिन को वो पहचान नहीं मिली, जिसके वो हकदार थे. हालांकि, इसके बावजूद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए शानदार प्रदर्शन किया. दाएं हाथ के स्टाइलिश बल्लेबाज ने 1992 से 2006 तक 67 टेस्ट मैच खेले, जिनमें उन्होंने 46.37 के औसत से 4,406 रन बनाए और 13 शतक जड़े. उनका उच्चतम टेस्ट स्कोर 2005 में न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया गया शानदार 165 रन था. उन्होंने 2006-07 एशेज सीरीज के दौरान संन्यास ले लिया और बाद में कमेंटेटर बन गए.

डेमियन मार्टिन 208 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में 40.80 की औसत से 5,346 रन बनाए. वे ऑस्ट्रेलिया की उन दिग्गज टीमों के अहम सदस्य थे जिन्होंने 1999 और 2003 में विश्व कप जीता था। 2003 विश्व कप के फाइनल में भारत के खिलाफ उन्होंने टूटी उंगली के बावजूद 88 रन की महत्वपूर्ण नाबाद पारी खेली थी. उनके करियर में 2006 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतना भी शामिल है.

ये भी पढ़ें: मुस्तफिजुर हुए IPL से बाहर तो पाकिस्तान के रास्ते चला बांग्लादेश, भारत में T20 वर्ल्ड कप खेलने से इनकार? ये है प्लान

 



Source link